गिरदावरी ईमानदारी के साथ निर्धारित समय में पूरा करें- वर्मा
गणेश उत्सव के लिए गणेश की मूर्तियों की ऊँचाई
अधिकतम 4 फीट होनी चाहिए
राजनांदगांव । कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने कल कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर गिरदावरी एवं अन्य राजस्व प्रकरणों के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। वर्मा ने कहा कि इस वर्ष खरीफ फसल की बोनी लगभग पूरी हो गई है। धान खरीदी के पहले बोए गए खरीफ फसलों का रकबा सत्यापन किया जाएगा। किसानों के खेतों में पहुंचकर बोए गए फसल और रकबे की जांच की जाएगी। राज्य शासन के निर्देश के अनुसार 1 अगस्त से 20 सितम्बर तक गिरदावरी कार्य किया जाना है।
इसके लिए सभी तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, पटवारी पूरी तैयारी कर लें। वर्मा ने कहा कि गिरदावरी के कार्य पूरी ईमानदारी से होना चाहिए। एक बार गिरदावरी होने के बाद रकबा परिवर्तन नहीं होना चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गिरदावरी काम किसानों की मौजूदगी में पारदर्शितपूर्ण किया जाना है। किसानों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को गिरदावरी की जानकारी पूर्व से ही दी जाए। इसके लिए गांव में मुनादी कराने के निर्देश दिए गए हैं। वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे फिल्ड में जाकर लगातार निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि गिरदावरी के संबंध में पटवारियों की बैठक लें और आवश्यक कार्य के लिए निर्देशित करें। उन्होंने पटवारियों को सप्ताह के निर्धारित दिनों में मुख्यालय में रहने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि किसानों द्वारा जितने क्षेत्रों में धान की बोनी की गई है। रिकार्ड में भी उतनी ही दर्ज होनी चाहिए। पटवारी खेतों में जाकर प्रत्यक्ष जांच करें। श्री वर्मा ने कहा कि गिरदावरी शत प्रतिशत शुद्धता के साथ होनी चाहिए। इसके लिए पटवारियों को प्रशिक्षण भी दिया जाए। उन्होंने इसे अभियान के रूप में चलाने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर वर्मा ने नजूल भू-भाटक वसूली की समीक्षा की। उन्होंने नजूल भू-भाटक वसूली नहीं होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने नजूल राजस्व निरीक्षकों को नजूल भू-भाटक वसूली करने की सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय पर निर्धारित लक्ष्य पूरा नहीं करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। श्री वर्मा ने भूमि परिवर्तन की भू-भाटक वसूली, नजूल पट्टे का फ्री-होल्ड, अतिक्रमित भूमि का व्यवस्थापन, रबी फसल की बीमा राशि का भुगतान, अवैध उत्खनन आदि के संबंध में राजस्व विभाग के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। श्री वर्मा ने कहा कि अब नामांतरण की प्रक्रिया भुंईया साफ्टवेयर में ऑनलाईन की जाएगी। इसके बारे में पटवारियों को जानकारी दें। कलेक्टर श्री वर्मा ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत समय-सीमा में सेवा प्रदान करने तथा प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के लिए कहा है।
वर्मा ने राज्य की प्राथमिकता वाली गोधन न्याय योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगातार निरीक्षण एवं समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। वर्मा ने कहा कि इस वर्ष गणेश उत्सव के लिए गणेश की मूर्तियों की ऊचाई अधिकतम 4 फीट तक बनाई जाएगी। सभी एसडीएम व तहसीलदार गणेश समितियों की बैठक लें और इसका प्रचार-प्रसार भी कराएं। गणेश उत्सव में कोविड-19 के प्रोटोकाल का पालन करना अनिवार्य होगा। पंडालों में भीड़ नहीं हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर ओंकार यदु, अपर कलेक्टर हरिकृष्ण शर्मा, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डे, सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित राजस्व अधिकारी उपस्थित थे।
