थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर नानऊ नहर पुल के पास रोडवेज बस ने मोपेड सवार तीन लोगों को रौंद दिया। जिससे मोपेड सवार पिता पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। गांव छितरौली खानपुर निवासी दुर्गापाल पुत्र दोजीराम रंगाई पुताई का काम करते थे।
शुक्रवार की देर शाम दुर्गपाल अपने बेटा अनु एवं परिवार के ही टीकम सिंह के साथ अलीगढ़ से मजदूरी कर वापस आ रहे थे। मोपेड थाना अकराबाद क्षेत्र में गांव खेड़ा नरायन सिंह व नानऊ नहर पुल के बीच पहुंची, तभी पीछे से आ रही एक रोडवेज बस उनको रौंद दिया। जिससे 55 वर्ष के दुर्गपाल के साथ उनके 22 वर्षीय बेटे अनिल कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं मोपेड सवार तीसरे टीकम सिंह घटना में आशिंक रूप से घायल होकर बाल बाल बच गए।
हादसा होते ही आसपास के लोग तथा राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी देकर दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पिता पुत्र की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में चीत्कार मंच गई।
गांव के तमाम लोग घटना स्थल पर पहुंच गए। मृतक परिवार के टीकम सिंह ने बताया कि मृतक दुर्गपाल अपने पीछे पत्नी राजकुमारी एवं छह बच्चों को रोते बिलखते छोड़ गए हैं। थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया है कि दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में ले लिया गया है, तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।
