उज्जैन में 12 साल की बच्ची से हुए दुष्कर्म कांड के मामले में मुख्य आरोपी भरत सोनी के मकान पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया गया। आरोपी ने उज्जैन के नानाखेड़ा क्षेत्र में सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा था, जिसमें वह अपने माता-पिता और भाई-भाभी के साथ कई साल से रह रहा था। बता दें कि अवैध मकान में आरोपी द्वारा मंदिर भी बनाया गया था। बुधवार को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में आरोपी के टीन से बने मकान पर कार्रवाई करते हुए उसे बुलडोजर से गिरा दिया गया। नगर निगम की टीम द्वारा मकान को गिराकर अवैध कब्जे को खाली कराया गया। आरोपी भरत सोनी सरकारी जमीन पर मकान बनाकर कई साल से यहां रह रहा था, जिस पर बच्ची से दरिंदगी करने के बाद पुलिस द्वारा उसकी अवैध संपत्ति का पता लगाया गया और आरोपी का मकान तोड़ने की कार्रवाई की गई।
पुलिस की गिरफ्त में है आरोपी
आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त में है। उज्जैन में 12 साल की बच्ची से दुष्कर्म हुआ और उसे बिना कपड़ों में छोड़ा गया वो उज्जैन का दांडी आश्रम का एरिया है। घटना का वीडियो भी सामने आया था, जिसमें बच्ची दुष्कर्म के बाद अर्धनग्न हालत में घूम रही थी। कुछ दूर चलने के बाद उसकी हालत ज्यादा खराब हो गई थी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।

मां ने कहा, हम कहीं नहीं जाएंगे यही रहेंगे
दुष्कर्म कांड के मुख्य आरोपी भरत सोनी की मां ने अमर उजाला को बताया कि बेटे ने जो भी किया है, उसकी सजा उसे जरूर मिलना चाहिए। लेकिन मकान तोड़ने की कार्रवाई से हम लोग सड़क पर आ जाएंगे। हम रोज खाने रोज कमाने वाले लोग हैं, हमारे पास इतना रुपया पैसा नहीं है कि हम कोई मकान ले सकें। अगर नगर निगम यह मकान तोड़ भी देता है तो हम यहीं रहेंगे।
ये था मामला?
बता दें कि सतना से शिप्रा एक्सप्रेस में सवार होकर स्कूल में पढ़ने वाली मानसिक रूप से कमजोर बच्ची उज्जैन लिए आ गई थी। 25 सितंबर को बच्ची रेलवे स्टेशन पर उतरी। ड्राइवर भरत सोनी ने बच्ची को अकेला देख अपने ऑटो में बिठा लिया। इसके बाद जीवनखेड़ी इलाके में ले जाकर बालिका से दुष्कर्म किया।

दिल दहला देने वाली इस घटना के बाद दुष्कर्म कांड के आरोपी के पिता ने कहा था कि अगर बेटा सच में आरोपी है तो उसे पकड़ना नहीं चाहिए था, सीधे गोली मार देना चाहिए थी। बेटे की जगह मुझसे ऐसा गुनाह होता तो आत्महत्या कर लेता। पुलिस के हाथ भी नहीं आता, आरोपी भरत सोनी के पिता राजू सोनी ने कहा, ऐसा गुनाह जो भी करता है, उसे जीने का अधिकार नहीं है। बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म की घटना के बारे में मुझे पता था। मैंने अपने बेटे से इस बारे में चर्चा की थी कि उज्जैन शहर में एक बच्ची के साथ गलत हुआ है, पर वह कुछ नहीं बोला। वह (आरोपी बेटा) रोजाना की तरह ही खाना, पीना,नहाना, सोना करता रहा। उसने किसी को कुछ शक तक नहीं होने दिया।

पुलिस की गिरफ्त से भागने की कोशिश
वहीं, महाकाल थाने के प्रभारी अजय वर्मा ने बताया कि जब आरोपी भरत सोनी को घटनास्थल पर ले जाया जा रहा था, तो उसने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया और आरोपी को पकड़ लिया। टीआई ने बताया कि यह घटना शहर के जीवन खेड़ी इलाके के पास हुई और झड़प में दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। उधर, इलाके में घायल हालत में मिली बच्ची का इंदौर के एक अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
