मोहगांव के बोरपानी में गुरुवार को गणेश विसर्जन के दौरान एक दु:खद घटना सामने आई। यहां स्थानीय तालाब में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक बुजुर्ग तालाब के गहरे हिस्से में चला गया। पानी में डूब रहे बुजुर्ग को साथियों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने बताया कि बोरपानी निवासी 65 वर्षीय चेतन पिता हंसू उईके गांव के लोगों के साथ गुरुवार को मछली पालन के लिए बने तालाब में गणेश प्रतिमा विसर्जित करने गए थे। प्रतिमा विसर्जन के दौरान चेतन उईके तालाब के गहरे हिस्से में चला गया। चेतन को पानी में डूबता देख अन्य ग्रामीणों ने उसे बचाने का प्रयास भी किया था, लेकिन वे चेतन को नहीं बचा सके। शुक्रवार को पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। डेम में डूबी बालिका, मौत
लोधीखेड़ा के जामलापानी जलाशय में नहाते वक्त 11 साल की बालिका पानी में डूब गई। थाना प्रभारी दीपक डेहरिया ने बताया कि गुरुवार शाम लगभग 5:00 बजे जामलापानी निवासी 11 वर्षीय सोनाक्षी पिता बालकिशन मसराम अपनी सहेली के साथ डेम में नहाने गई थी। नहाते वक्त सोनाक्षी का पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चली गई। सोनाक्षी की सहेली ने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को मदद के लिए बुलाया। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। पानी में डूबने से बच्चे की मौत
उमरेठ थाना क्षेत्र से शुक्रवार को दो वर्षीय सौरभ पिता संतराम को पानी में डूबने की वजह से गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया था। जांच के बाद चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। परिजन बिना पीएम कराए बच्चे का शव साथ ले गए थे। अस्पताल चौकी पुलिस ने उमरेठ पुलिस को मामले की सूचना दे दी थी। गणेश विसर्जन के दौरान हादसा
ओरछा में मूर्ति विसर्जन करने आए एक युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई है हालांकि उसके एक साथी को डूबने से बचा लिया गया। तीन दिनों से लगातार ओरछा की बेतवा नदी में लोग मूर्ति विसर्जन करने आ रहे हैं। ऐसे में घाटों पर काफी भीड़ हो रही है। पुलिस ज्यादा लोगों को पानी में जाने से मना भी करती है, लेकिन कुछ लोग अपनी आदतों से बाज नहीं आते हैं। गुरुवार को ग्वालियर से मूर्ति विसर्जन करने आए कुछ लोग मूर्ति विसर्जित कर बेतबा नदी के कंचना घाट पर नहाने चले गए नहाते हुए दो लोग गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। वहीं, घाट पर मौजूद लोगों ने डूबते हुए लोगों को देखा तो शोर मचाने लगे। घाट पर मौजूद वोट क्लब के लोग तत्परता दिखाते हुए डूब रहे लोगों के पास वोट ले गए, जहां पर एक युवक को बचा लिया गया लेकिन दूसरा युवक गहरे पानी में चले जाने से नज़र नहीं आया।
