बालक की लाश घर से कुछ दूरी पर मिली, पुलिस जांच में जुटी
राजनांदगांव । औंधी क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब ग्राम चिचवाही में एक 4 वर्षीय बालक की हत्या कर उसकी लाश घर से कुछ ही दूर पर मिली। हत्या के बाद गांव से दहशत का माहौल देखने को मिल रहा है। हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
औंधी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम चिचवाही थाना औंधी में पटेल परिवार के 4 वर्षीय बालक की हत्या कर दी गई है। बालक का नाम ईशान पटेल बताया जा रहा है । बालक अपने परिजन के यहां आया हुआ था। परिजन के घर से कुछ ही दूर पर ईशान की लाश मिली है । लाश मिलने के बाद गांव में दहशत का माहौल देखने को मिल रहा है। ईशान की हत्या किस कारण से की गई है यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है । प्रथम दृष्टया से देखने से यह पता चल रहा है कि ईशान की गला दबाने से मौत हुई है। औंधी पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि ईशान की हत्या पारिवारिक विवाद के चलते हुई है या कोई आपसी रंजिश के चलते हत्या की गई है।
