रायपुर, मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा है कि वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव के लिए सभी लोग आवश्यक सावधानी बरतें। गाईड लाइन का कड़ाई से पालन करें। सतर्कता और सावधानी के जरिए इस महामारी के फैलाव को रोका जा सकता है। चौबे ने कहा कि बीते कुछ दिनों से कोरोना संक्रमण के फैलाव में तेजी आई है। ऐसी स्थिति में हम सबकी यह जिम्मेदारी है कि हम इस बीमारी से बचाव के लिए सभी आवश्यक उपायों का कड़ाई से पालन करें और दूसरे लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें। उन्होंने कहा कि मास्क और सेनेटाईजर का उपयोग, साफ-सफाई, बार-बार साबुन से हाथ धोना और फिजिकल डिस्टेंसिंग बनाकर रखना होगा। सतर्कता और हौसले से कोरोना की लड़ाई जीती जा सकती है। कृषि मंत्री और रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री रविन्द्र चौबे ने उक्त बातें आज कलेक्टोरेट परिसर रेडक्रास सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहीं।
बैठक में नगरीय प्रशासन और श्रम मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, विधायक एवं छत्तीसगढ़ हाऊसिंग बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप जुनेजा, विधायक सत्यनारायण शर्मा, विधायक धनेन्द्र साहू, विधायक श्रीमती अनिता योगेन्द्र शर्मा, राज्य कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा, रायपुर कलेक्टर डॉ. एस. भारतीदासन, एस.एस.पी. अजय यादव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गौरव कुमार सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने इस संबंध में कई उपयोगी सुझाव दिए।
