उज्जैन के बड़नगर तहसील में एक शख्स ने शनिवार देर रात नशे में धुत होकर अपनी पत्नी और दो बच्चों को तलवार से मौत के घाट उतार दिया। पत्नी और दोनों बच्चों की हत्या के बाद युवक ने खुद को भी तलवार मार दी, जिससे उसकी भी मौत हो गई। पूरा मामला बड़नगर तहसील के ग्राम बालोदा आरसी का है। बताया जा रहा है कि नशे की हालत में युवक दिलीप पिता भेरुलाल तलवार से कुत्ते को मार रहा था, तभी पत्नी गंगाबाई बचाने पहुंची तो उसने पत्नी पर तलवार से हमला कर दिया। वहीं, पत्नी को बचाने बच्चे नेहा व योगेश पहुंचे तो उन पर भी तलवार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। दो बच्चे एवेंद्र और बुलबुल जैसे तैसे अपनी जान बचाकर भागे जिनका उपचार बड़नगर के शासकीय अस्पताल में चल रहा है। फिलहाल बड़नगर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
