निर्धारित समय शाम 4 बजे के बाद दुकान खुली रखने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
सिंचाई के लिए चारों बैराज के गेट खोले गए
गोधन न्याय योजना की तैयारी के लिए जनपद सीईओ को किया निर्देशित
जिले में लगभग साढ़े 6 लाख पौधरोपण किया गया
राजनांदगांव 14 जुलाई 2020। कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। उन्होंने सभी जनपद सीईओ से कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायतों में क्वारेंटाईन सेन्टरों की सतत मॉनिटरिंग करते रहे। कोरोना संक्रमण से प्रभावित रेड जोन महानगरीय क्षेत्रों से आने वाले लोगों की विशेष निगरानी रखें। इसकी व्यवस्था के लिए नगरीय क्षेत्रों में पार्षद एवं सदस्य रहें तथा इसी तरह ग्रामीण क्षेत्रों में भी निगरानी के लिए टीम होनी चाहिए। रेड जोन से आने वाले लोग कई बार अपनी जानकारी छिपा रहे हैं। इसके लिए सतत मॉनिटरिंग करते रहे। हाट स्पॉट से आने वाले लोगों का सेम्पल जरूर जांच करें। ठेला, सब्जी एवं अन्य दुकानें शाम 4 बजे तक बंद हो जाना चाहिए। उन्होंने निर्धारित समय शाम 4 बजे के बाद दुकानें खुली रखने वालों पर नगर निगम एवं अन्य नगरीय निकायों को कड़ाई से कार्रवाई करने के निर्देश दिए और जुर्माना लगाने को कहा। कलेक्टर वर्मा ने सभी अधिकारियों को कार्यालय में साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनुपयोगी सामग्री का भण्डार क्रय नियम के अनुसार कार्यवाही करें।
कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने बैराज से सिंचाई के संबंध में जानकारी ली। कार्यपालन अभियंता जल संसाधन एमएल भलावी ने बताया कि जल संसाधन बैराज संभाग डोंगरगांव मोंगरा बैराज, सुखा नाला बैराज, घुमरियानाला बैराज एवं खातूटोला बैराज से कमान क्षेत्र के किसानों द्वारा सिंचाई की मांग को देखते हुए चारों बैराज के नालों के गेट खोल दिए गए हैं। मोंगरा बैराज से अंबागढ़ चौकी विकासखंड के 24 गांव, छुरिया विकासखंड के 27 गांव, डोंगरगांव विकासखंड के 5 गांवों में 8 हजार 265 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई, सुखा नाला बैराज से डोंगरगांव विकासखंड के 32 गांवों में 3 हजार 130 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई, घुमरिया नाला बैराज से छुरिया विकासखंड के 21 गांवों तथा डोंगरगांव विकासखंड के 3 गांवों में 2 हजार हेक्टेयर सिंचाई तथा खातूटोला बैराज से छुरिया विकासखंड के 10 गांव, डोंगरगढ़ विकासखंड के 2 गांव में एक हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की जा रही है।
कलेक्टर वर्मा ने कहा कि हरेली त्यौहार के अवसर पर शासन द्वारा 20 जुलाई को गोधन न्याय योजना का शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने सभी जनपद सीईओ को गांव में गौठान समिति की बैठक एवं प्रशिक्षण के संबंध में मॉनिटरिंग करने को कहा। उन्होंने कहा कि गोबर खरीदने के संबंध में शासन की ओर से दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिसके अनुसार कार्य करना है। गौठान के रखरखाव एवं संचालन में लापरवाही नहीं होना चाहिए। गंभीर गलती एवं अव्यवस्था होने पर कड़ी कार्रवाई होगी। गौठान को सक्रिय रखें और शेष कार्य जल्दी पूरा करें। शासन की महत्वपूर्ण योजना नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी के क्रियान्वयन में कमी नहीं होना चाहिए। कलेक्टर ने जिले में पौधरोपण के संबंध में भी विभागों से जानकारी ली। वनमंडलाधिकारी राजनांदगांव श्री बीपी सिंह एवं वनमंडलाधिकारी खैरागढ़ श्री रामावतार दुबे ने बताया कि वन विभाग द्वारा 4 लाख 86 हजार पौधरोपण किया गया है। वन विभाग की ओर से 1 लाख 10 हजार मुनगे पौधे वितरित किए गए है। उद्यानिकी विभाग के सहायक संचालक ने जानकारी दी कि 23 हजार मुनगा पौधे का वितरण वहीं बाड़ी योजना के अंतर्गत 10 हजार मुनगा पौधा वितरित किया गया है तथा अन्य प्रजातियों के पौधे का वितरण किया गया। नगर निगम द्वारा 5 हजार पौध रोपण किया गया है।
कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि भू-अर्जन या किसी अन्य विभाग या शासकीय जमीन देते समय दस्तावेज की जानकारी पूर्ण रूप से दें। उन्होंने कहा कि शासकीय प्रोजेक्ट में राजस्व विभाग से दस्तावेज नहीं लेने की स्थिति में कार्य में विलंब होता है जो कदापि उपयुक्त नहीं है। अपर कलेक्टर श्री ओंकार यदु ने कहा कि भू-अर्जन या शासकीय जमीन देते समय राजस्व विभाग की ओर से बी-1 एवं खसरा की कापी अनिवार्यत: लगाएं, ताकि आगे किसी तरह की दिक्कत न हो।
कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से किसानों को लाभान्वित करने के लिए किसानों का आधार कार्ड, खसरा एवं जरूरी दस्तावेज समय पर देना चाहिए। कार्य में लापरवाही होने पर बैंक एवं इस कार्य से संबंधित अधिकारी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पहली की गलती में भी सुधार करें ताकि किसानों को लाभ मिल सके। उन्होंने खाद्य अधिकारी से जिले में शेष राशन कार्ड में आधार सीडिंग के कार्य को पूर्ण करने के निर्देश दिए। खाद्य अधिकारी ने बताया कि जिले में 3 लाख 9 हजार 442 राशन कार्ड बन चुके है। जिसमें से राशन कार्ड सदस्यों में कुल दर्ज आधार कार्ड 13 लाख 12 हजार 859 जिसमें राशन कार्ड सदस्यों में 12 लाख 90 हजार 740 का आधार सीडिंग हो चुका है तथा राशन कार्ड सदस्यों में आधार दर्ज करने हेतु 22 हजार 119 शेष है।
कलेक्टर वर्मा ने कहा कि फाईल प्रस्तुत करने में विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने विद्युत मंडल के कार्यपालन अभियंता से कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लो-वोल्टेज नहीं होना चाहिए। जमीन का डायर्वसन के कार्य में गति लाने के लिए सभी एसडीएम को निर्देश दिए। गिरदावरी कार्य समय पर पूरा करने कहा। बैठक में अपर कलेक्टर ओंकार यदु, अपर कलेक्टर हरिकृष्ण शर्मा, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती तनुजा सलाम, नगर निगम आयुक्त श्री चंद्रकांत कौशिक, सभी एसडीएम सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
