रायपुर.साल 2017 में डीडी नगर थाना इलाके में मामूली विवाद के बाद एक बेटे ने अपने पिता की जान ले ली थी। करीब तीन साल तक वो पुलिस को पिता के सुसाइड की झूठी कहानी सुनाता रहा। मामले की जांच में पता चला कि बुजुर्ग ने खुदकुशी नहीं की बल्कि उसपर हमलाकर उसकी हत्या की गई है। अब आरोपी बेटे के खिलाफ धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी की जा रही है। घटना 11 जनवरी 2017 की है।
सीताराम गोड़ नाम के शख्स को उसका बेटा पंकज ध्रुव अंबेडकर अस्पताल लेकर गया। डॉक्टरों के पूछने पर उसने कह दिया कि पिता ने खुद जान देने की कोशिश में घायल हो गए। इलाज के दौरान सीताराम की 24 जनवरी 2017 को मौत हो गई। इसके बाद जांच शुरू हुई। पुलिस को भी पंकज ने सुसाइड की जानकारी दी। कड़ाई से पूछताछ के दौरान उसने बताया कि 11 जनवरी की रात उसका पिता के साथ झगड़ा हो गया था। गुस्से में आकर उसने मसाला कूटने के पत्थर से पिता के सिर पर कई वार कर दिए। इसकी जानकारी आरोपी की मां और बहन को भी थी। दोनों महिलाओं ने अब आरोपी के खिलाफ बयान दे दिया है।
