0 निखिल श्याम की जोड़ी ने राधा जी के ब्यावले में मचायी धूम
00 श्री सत्यनारायण मंदिर समिति का अभिनव आयोजन
राजनांदगांव। श्री सत्यनारायण मंदिर समिति द्वारा पावन सावन पुरुषोत्तम मास के 12 वें दिवस 29 जुलाई को दोपहर 3:30 बजे से एकादशी के सुअवसर पर नगर की सुप्रसिद्ध भजन गायिका श्याम दीवानी राधिका शर्मा ” लाडो ” अपनी सुमधुर वाणी से संकीर्तन करते हुए श्याम प्रभु एवं भोलेनाथ को रिझायेंगी।
श्री सत्यनारायण मंदिर समिति के अध्यक्ष अशोक लोहिया द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 28 जुलाई को नगर के युवा श्याम सेवक निखिल – श्याम की जोड़ी ने राधा जी का ब्यावला का भावपूर्ण ओजस्वी गायन करते हुए भजनों की प्रस्तुति से श्री सत्यनारायण धर्मशाला में धूम मचा दी। भक्त माता – बहने एवं बंधु झूमकर झुम झुमकर नृत्य करने लगे। पूरा माहौल भगवान राधा – कृष्ण के विवाह समारोह का लगने लगा। बधाइयां बाटी जाने लगी। मेहंदी एवं हल्दी की रस्म के भजन गाए गए। सभी भक्तों को हल्दी एवं मेहंदी लगाई गई। हल्दी एवं मेहंदी लगवाने के लिए भक्तों में होड़ मच गई।
पुरुषोत्तम मास आयोजन समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार आज 29 जुलाई को खाटू वाले श्याम प्रभु का संकीर्तन श्याम दीवानी राधिका शर्मा द्वारा किया जाएगा। श्याम प्रभु का दरबार सजाया जाएगा। समिति ने नगर की धर्मप्रेमी माता – बहनों एवं बंधुओं से आग्रह किया है कि महोत्सव में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ प्राप्त करें।
