० धान की सुरक्षा के लिए जिले के 108 स्थानों में 442 धान चबूतरा का किया जा रहा निर्माण
राजनांदगांव । प्रदेश में समर्थन मूल्य में धान उपार्जन के लिए निर्धारित उपार्जित धान केन्द्रों में धान की सुरक्षा हेतु चबूतरा निर्माण के लिए शासन की ओर से निर्देश दिए गए। इसी कड़ी में कलेक्टर श्री टोपेश्वर वर्मा ने कल डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम बड़भूम में 6 लाख 7 हजार रूपए की लागत से बनाए जा रहे धान चबूतरा निर्माण कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने छुरिया विकासखंड के ग्राम संबलपुर एवं ग्राम उमरवाही में 6 लाख की लागत से बन रहे धान चबूतरा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि धान चबूतरा निर्माण कार्य गुणवत्ता पूर्ण होना चाहिए और उन्होंने एसडीएम को इस कार्य में गति लाने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि जिले के 108 स्थानों में 442 धान चबूतरा निर्माण किया जा रहा है।कलेक्टर श्री वर्मा ने सेवा सहकारी समिति खुज्जी 1041 का निरीक्षण किया और समिति के संचालक को गोदाम में साफ-सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में पौधरोपण के लिए भी कहा। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्रीमती तनुजा सलाम, एसडीएम डोंगरगांव श्री वीरेन्द्र सिंह, जनपद सीईओ श्री नारायण बंजारे, पीओ मनरेगा श्री मोहित पड़ौसी, एसडीओ आईईएस श्री आरबी सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
