उत्तर प्रदेश – सिद्धार्थनगर जिले के त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के पलेसर गांव में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव कमरे में पाया गया। मृतका के भाई ने पति सहित चार ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कराया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आगे के कार्रवाई में जुट गई।
जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र के ही भनवापुर मड़हा गांव निवासी रामधनी ने दो वर्ष पूर्व अपनी 24 वर्षीय बेटी लक्ष्मी उर्फ सरिता की शादी क्षेत्र के ही पलेसर गांव निवासी कौशल के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही परिवार के लोग दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। उसे मारते-पीटते थे। बुधवार की देर रात उसकी हत्या कर दी गई। शव कमरे में मिला। दूसरे के माध्यम से घटना के बारे में मायके के लोगों को जानकारी मिली है। उन्होंने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की ही। मिले तहरीर के आधार पर त्रिलोकपुर पुलिस ने पति समेत चार लोगों पर दहेज हत्या का केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ त्रिलोकपुर रणधीर कुमार मिश्र ने बताया कि मृतका के परिजनों की तहरीर पर पति कौशल, ससुर संतराम, देवर मनोज और सास के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
