राजनांदगांव। गुरुकुल एकेडमी द्वारा निर्धन बच्चों के लिए आयोजित दस दिवसीय निशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण शिविर का समापन सामाजिक कार्यकर्ता सतीश भट्टड़ के मुख्य आतिथ्य में एव सीए रूपम सोनक्षत्रा की अध्यक्षता व संस्था के डायरेक्टर प्रशांत गुप्ता (राजे) व सुमित जैन के विशेष आथित्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भट्टड़ ने उपस्थिति छात्र छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि प्राचीन भारत के गुरुकुल की शिक्षा प्रणाली बेहद सुदृढ़ थी जिसे अंग्रेजी हुकूमत ने पंगु बना दिया ।उन्होंने कहा कि होना तो यह चाहिए था कि कालेज स्तर के प्राध्यापको को प्राइमरी स्कूलों में व प्राइमरी स्कूलों के शिक्षकों को कालेज में नियुक्त किया जाना चाहिए था । बच्चो की प्रारंभिक नीव मजबूत हुई तो आने वाले भविष्य की चुनौतियों से निपटने में वे सक्षम रहेंगे। भट्टड ने गुरुकुल एकेडमी को निर्धन बच्चो के लिए आयोजित इस शिविर की सराहना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही रूपम सोनक्षत्रा ने बच्चो से कहा कि आप खूब खेल कूद के साथ पूरे जोश से पढ़ाई में भी मन लगाएं। ये ही आपके भविष्य को संवारने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि अपने द्वारा अर्जित ज्ञान जीवन में बहुत काम आता है। गुरुकुल एकेडमी के प्रशांत गुप्ता ने बताया कि वे पिछले पांच वर्षों से निर्धन बच्चो को कंप्यूटर का निशुल्क प्रशिक्षण देते आ रहे हैं। इस बार भी 75बच्चो को कंप्यूटर प्रशिक्षण के दौरान कंप्यूटर बेसिक, एमएस ऑफिस, इंटरनेट व अन्य तकनीकी का प्रशिक्षण विनोद टंडन, राकेश साहू, कुमारी रेशमा मेश्राम के द्वारा सभी बच्चो को प्रमाण पत्र के साथ दिया गया।
