छत्तीसगढ़ शासन स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा संचालित ‘‘पढ़ई तुंहर दुआर’’ अभियान के राजनांदगाॅव जिला नोडल अधिकारी एवं डी.एम.सी. भूपेश साहू तथा जिला मीडिया प्रकोष्ठ प्रभारी एवं ए.पी.सी. सतीश ब्यौहरे द्वारा जिला कार्यालय में जिला स्तरीय मीडिया प्रकोष्ठ प्रभारियों एवं सहयोगियों की बैठक दिनांक 26.06.2020 को जिला कार्यालय में आहूत की गई एवं राजनांदगाॅव जिला अंतर्गत ‘‘पढ़ई तुंहर दुआर’’ अभियान की अद्यतन स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। इस विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारीद्वय द्वारा ‘‘पढ़ई तुंहर दुआर’’ अभियान के प्रचार प्रसार एवं प्रगति के संबंध में आवश्यक दिशानिर्देश दिये गये। इस बैठक में जिला स्तरीय मीडिया प्रकोष्ठ सहयोगीगण दुर्गेश त्रिवेदी, पी.आर.झाड़े, दिनेश सोनी, खिलावन सिंह ठाकुर, अनिल शर्मा, गुफरान सिद्धीकी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में ‘‘पढ़ई तुंहर दुआर’’ अभियान की प्रगति के संबंध में विभिन्न बिन्दुओं पर आवश्यक परिचर्चा की गई जिसमें वेब पोर्टल सीजीस्कूलडाॅटइन में सभी बच्चों का पंजीयन बढ़ाने के संबंध में प्रयास करने संबंधी, आनलाईन वर्चुअल क्लास के माध्यम से प्रत्येक शाला के सभी शिक्षको द्वारा बारी बारी से कक्षाएॅ संचालित करके विद्यार्थियों को अधिक से अधिक लाभान्वित करने संबंधी, बच्चों एवं पालकों को आनलाईन मीटिंग एप्प से जोड़कर बच्चों की शिक्षा के लिये जागरूक एवं प्रेरित करने संबंधी अवाश्यक दिशा निर्देश दिये गये। इसके साथ ही डी.एम.सी. भूपेश साहू ने शिक्षकों को प्रतिदिन छात्रों एवं पालकों से बातचीत कर आनलाईन उपस्थिति बढ़ाने के लिये एवं अधिक से अधिक छात्रों के आनलाईन पंजीयन के संबंध में प्रयास करने संबंधी दिशा निर्देश दिया।

ए.पी.सी. सतीश ब्यौहरे ने बच्चों को आनलाईन क्लास लेते समय कक्षाओं की अवधि सीमित रखने और आनलाईन मीटिंग एप्प के माध्यम से मीटिंग का शेड्यूल बनाते समय छात्रों एवं उनके पालकों के पास मोबाईल सुविधा सरलता से उपलब्ध रहने वाले समय का चयन करने पर जोर दिया। इस बैठक में विद्यार्थियों को आनलाईन छोटे-छोटे होमवर्क देने, विद्यार्थियो से आनलाईन प्राप्त होमवर्क को चेक करके वापस भेजने, और छोटे-छोटे आनलाईन प्रोजेक्ट/एसाईनमेंट देकर उनमें आनलाईन शिक्षा के प्रति रूचि पैदा करने एवं उनसे कनेक्टीविटी बढ़ाने के लिये विशेष प्रयास करने पर बल दिया गया। बैठक के दौरान डी.एम.सी. भूपेश साहू ने रैन्डम काॅल के द्वारा जिले के शिक्षकों से मोबाईल पर सीधे संपर्क साधकर आनलाईन क्लास की प्रगति के संबंध में जानकारी ली और शिक्षकों को वेबपोर्टल पर अपने आई.डी. पर लाॅगइन करने बच्चों के होमवर्क चेक करने एवं उनकी शंका का त्वरित समाधान करने निर्देशित किया।
