राजनांदगांव।
जिला पंचायत सदस्य व किसान कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री महेंद्र यादव ने भाजपा के चलबो गोठान खोलबो पाेल को नौटंकी करार दिया है। यादव ने कहा कि भाजपा मुद्दों से भटक गई है। गौठानों में जाकर भ्रामक जानकारी दे रही है। सरकार की महत्वाकांक्षी योजना नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी से लोगों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। महेंद्र ने कहा कि चुनाव करीब आते ही भाजपाइयों को गौठान की याद आ रही है। गोठान के माध्यम से लोग आर्थिक रूप से सक्षम हो रहे हैं। वहीं उन्हें रोजगार भी मिल रहा है। भाजपाइयों के पास कोई काम नहीं है, जबरन गौठानों का निरीक्षण करने के लिए जा रहे हैं। यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार की योजनाओं से छत्तीसगढ़ की आम जनता बहुत खुश और खुशहाल हैं। राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक डा.रमन सिंह व भाजपाइयों के पास कोई काम नहीं है, इसलिए भाजपाई गौठानों को लेकर अनर्गल एवं झूठा आरोप लगा रहे हैं। भाजपा शासनकाल के 15 साल में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है। रमन सरकार के 15 साल में नान घोटाला, चिटफंड घोटाला, मोबाइल घोटाला तथा रायपुर का फ्लाईओवर घोटाला किसी से छुपा नहीं है। यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में गोधन न्याय योजना के तहत स्थापित गौठान आज ना केवल आजीविका का केंद्र बना हुआ है, बल्कि वहां कई प्रकार के उद्यम के माध्यम से महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। गौठानो में वर्मी कम्पोस्ट बनाने के साथ ही साथ गोबर से पेंट एवं बिजली पैदा करने का काम भी तेजी से चल रहा है। भाजपाइयों द्वारा गौठानों को लेकर भाजपाई नेताओं का बयान भ्रामक एवं तथ्यहीन हैं।
महेंद्र यादव ने जारी बयान में कहा कि भाजपा दोपहर में गौठानों में जा रही है उन्हें यह भी नहीं मालुम कि दोपहर में गौमाता चारागाह में होती है गौठानों में नहीं । उन्होंने कहा कि चुनाव के समय अपनी बेवजह की राजनीति चमकाने के लिए भाजपा इस तरह का नौटंकी कर गौमाता के नाम पर गलत काम कर रही है ।
