राजनांदगांव।
प्रदेश भारतीय जनता युवा मोर्चा के आह्वान पर सोमवार को जिला भाजयुमो ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजी पीएससी) की भर्तियों में गड़बड़ी को लेकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। भाजयुमो नेताओं ने ज्ञापन सौंपने से पहले जमकर नारेबाजी करते हुए भूपेश सरकार और आयोग के चेयरमेन को इन गड़बडि़यों का सरगना बताया।
भाजयुमो ने ज्ञापन में पीएससी 2021 की परीक्षा के नतीजों में मेरिट में स्थान पाने वाले चेयरमेन टामन सोनवानी के रिश्तेदार और दूसरे नेताओं-अफसरों के रिश्तेदारों के नतीजों की गहन जांच के लिए आयोग के गठन और पारदर्शी जांच की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि – सीजी पीएससी ने जो रिजल्ट जारी किए हैं उसमें कांग्रेस नेताओं, अधिकारियों और उद्योगपतियों के बच्चों के नाम हैं टॉप 20 में है। इसे महज संयोग मान लेना संभव ही नहीं है।
भाजयुमो प्रदेश मंत्री आलोक श्रोती व भाजयुमो जिला अध्यक्ष मोनू बहादुर सिंह ने संयुक्त रुप से कहा कि – छत्तीसगढ़ के होनहार युवाओं के साथ धोखा हुआ है। पीएससी 2021 के जारी नतीजों को लेकर कई आशंकाए हैं जिनका निदान जरुरी है। हम यह नहीं कहते कि नेताओं, अफसरों के बच्चे मेरिट में नहीं आ सकते लेकिन इस परिणाम में टॉप 20 में ऐसे नामों की भरमार है। और तो और चेयरमेन के कई रिश्तेदार इसमें चुने गए हैं। इससे छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की विश्वसनीयता खतरे में पड़ गई है।
उन्होंने कहा कि – हमारी मांग है कि इस विषय पर न्यायिक जांच आयोग का गठन किया जाए और नतीजे तत्काल प्रभावित से निलंबित हों। मेरिट में शामिल नामों की संदिग्धता दूर करने के लिए उनकी उत्तर पुस्तिकाएं जांची जाएं। पारदर्शी तरीके से प्रक्रिया पूरी हो जिससे व्यवस्था पर विश्वास बना रहे। इस जांच के माध्यम से ही दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
दोपहर को भाजयुमो नेताओं ने इन्हीं मांगों को लेकर जिला कार्यालय का रुख किया। परिसर में मौजूद दर्जनों नेताओं ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों को बाहर ही रोकने के लिए चैनल गेट बंद कर दिए गए थे। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा और अपनी मांगों को दोहराया। इस दौरान प्रदेश भाजयुमो मंत्री आलोक श्रोती, भाजयुमो जिला अध्यक्ष मोनू बहादुर सिंह के अलावा भाजयुमो जिलामंत्री गण पिंटू बर्मा, शिवम यादव, उज्जवल कसेर, दक्षिण मंडल अध्यक्ष प्रखर श्रीवास्तव , जिला पदाधिकारी संयम शर्मा, कमलेश प्रजापति,चेतन यादव,आशीष जैन, कमलेश लहरे, प्रहलाद सिन्हा,जसमीत भाटिया, प्रवीण शुक्ला,रवि साहू,साकेत दस वैष्णव,अभिषेक पांडेय, नितेश नायक,आदित्य पराते, जैकी सोनकर, अभिषेक यदु, उज्जवल कसेर, विकास साहू, आशुतोष डहरिया, लोकेश वर्मा, सोहन साहू, आशीष सोरी, खुशाल यादव, सौरभ सिंह राजपूत सहित अन्य उपस्थित थे।
