कबरई कस्बे में शादी का झांसा देकर तीन वर्ष तक युवती के साथ दुष्कर्म किया गया। मामले में युवती की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। महोबा जिले के कबरई कस्बे में शादी का झांसा देकर युवती का तीन वर्ष तक शारीरिक शोषण किए जाने का मामला सामने आया है। शादी से इनकार करने और मारपीट करने पर पीड़िता ने थाना कबरई समेत उच्चाधिकारियों को शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जनपद फतेहपुर निवासी 25 वर्षीय युवती को महोबा के तमौरा गांव निवासी एक युवक शादी का झांसा देकर ले आया। युवक कस्बा कबरई में किराये का मकान लेकर युवती का तीन वर्ष तक शारीरिक शोषण करता रहा। युवती का आरोप है कि जब उसने शादी की बात कही, तो वह टहलाता रहा।
इसके बाद में उसे पता चला कि आरोपी युवक पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। इसका विरोध करने पर तीन माह पहले उसके साथ मारपीट की गई और किसी से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद युवक उसे अकेला छोड़कर भाग गया।
थानाध्यक्ष बोले- जांच कर होगी अग्रिम कार्रवाई
शुक्रवार की रात करीब दस बजे एक बार फिर युवक कमरे पहुंचा और युवती के साथ गाली-गलौज करते हुए मारापीटा। शनिवार को पीड़िता ने थाना समेत उच्चाधिकारियों को शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
