गांव के ही युवक ने थ्रेसिंग मशीन पर हुए विवाद में दिया वारदात को अंजाम
ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ कर पुलिस को सौंपा, पिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट
छात्र ने हाल ही में यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली (मुजफ्फनगर)। गांव टिटौड़ा में मामूली कहासुनी पर अनुसूचित जाति के युवक निखिल के पेट में छुरी घोंपकर हत्या कर दी गई। आरोप गांव के ही युवक पर लगा है, जिसका निक्की के साथ थ्रेसिंग मशीन पर काम करते वक्त विवाद हुआ था। वारदात के बाद भागने का प्रयास कर रहे आरोपी युवक को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। निखिल ने हाल ही में इंटर की परीक्षा पास की थी।
गांव टिटौड़ा निवासी निखिल (18) पुत्र दिनेश कुमार शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे अपने घर के सामने खड़ा था। इसी दौरान गांव का ही गोली पुत्र सर्मी उसके पास पहुंचा। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि गोली ने पेट में छुरी घोंपकर उसे घायल कर दिया। शोर शराबा होने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आता देख आरोपी को मौके से भाग गया। बाद में ग्रामीणों ने उसे दिल्ली-दून हाईवे से पकड़ लिया।
उधर, परिजन घायल युवक को लेकर हाईवे बाईपास स्थित सेंट फ्रांसिस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ के एक प्राइवेट अस्पताल में उपचार के दौरान निखिल की मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलने पर गांव में शोक व्याप्त हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी ली।
वारदात के बाद मृतक के पिता दिनेश ने आरोपी निशांत के खिलाफ तहरीर दी। पहले पुलिस ने जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया था। निक्की की मौत की जानकारी मिलने के बाद हत्या में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रथम श्रेणी से पास की थी इंटर की परीक्षा
निखिल खतौली के केके जैन इंटर कॉलेज का इंटर का छात्र था। 25 अप्रैल को घोषित हुए यूपी बोर्ड परीक्षा के परिणाम में उसने 75 फीसदी अंकों के साथ प्रथम श्रेणी से इंटर की परीक्षा पास की थी। अब वह बीकॉम करना चाहता था। उसका सपना बैंकर बनने का था।
पिता का सहारा निखिल
निखिल के पिता दिनेश मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। दिनेश के परिवार में दो पुत्र हैं। निक्की बड़ा था। उससे छोटा पुत्र सनी है। छुट्टियां होने के कारण निखिल वह पिता के साथ मिलकर परिवार का सहारा बन हुआ था। निक्की की मौत से मां कविता और छोटे भाई सनी का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस थाने लौट गई, ग्रामीणों ने हाईवे से पकड़ा आरोपी
घटना के बाद पुलिस से बच कर आरोपी गांव से फरार हो गया था। पुलिस थाने लौट आई थी। इसी दौरान ग्रामीण आरोपी निशांत की तलाश कर रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी हाईवे पर खड़ा होकर एक वाहन को रुकने का इशारा कर रहा था। इसी दौरान कुछ ग्रामीण उसे पकड़ कर थाने ले आए।
थ्रेसिंग मशीन पर हुआ था विवाद
सीओ डॉ रवि शंकर ने बताया कि निखिल और गोली गेहूं निकालने वाली थ्रेसिंग मशीन पर साथ काम करते थे। वहीं पर दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी विवाद में वारदात का अंजाम दिया गया। पहले जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया गया था। अब उसे हत्या में तरमीम कर दिया गया है।
