बेटी के साथ हुई छेड़खानी की घटना से आहत पिता ने जहर खा लिया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना संभल जिले के थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार की शाम पांच बजे करीब हुई। पुलिस ने 55 वर्षीय मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर युवती से छेड़खानी के मामले में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं युवती के भाई समेत तीन लोगों के खिलाफ आरोपी की पत्नी ने भी छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस मंगलवार की सुबह से शाम तक फैसला करने का दबाव बनाती रही। डराने और धमकाने के साथ ही पीड़ित युवती और उसकी मां को भी थाने में बैठाए रखा। इसी बात से आहत होकर व्यक्ति ने जहरीले पदार्थ का सेवन थाने से बाहर निकल कर किया। मृतक की पत्नी ने बताया कि सोमवार की शाम वह खेत पर गेहूं की कटाई करने के लिए गई थीं। पति व परिवार के अन्य लोग रामपुर जिले में बेटी का रिश्ता तय करने के लिए गए हुए थे।
घर पर 18 वर्षीय बेटी और बेटे की पत्नी थी। शाम के समय बेटी घर से कुछ दूरी पर बनी पशुशाला में भैंस का दूध निकालने के लिए जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने छेड़खानी की। पीड़िता ने बताया कि जब वह खेत से लौटी तो बेटी ने घटना की जानकारी दी। रिश्ता तय कर लौटे पति व परिवार के लोगों को भी इसकी जानकारी दी। रात के समय थाने नहीं गए, लेकिन यूपी112 पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची यूपी112 पुलिस ने थाने में तहरीर देने के लिए कहा।
रात के समय थाने गए नहीं थे। मंगलवार की सुबह जब थाने पहुंचे तो पुलिस समझौते का दबाव बनाने लगी। पीड़िता का आरोप है कि जब कार्रवाई की मांग की तो पुलिस ने बेटी को जेल भेजने की धमकी देते हुए बैठा लिया। सुबह से शाम तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसकी जानकारी जब पति को हुई तो वह आहत हो गए और उन्होंने थाने के सामने से ही किसी दुकान से सल्फास की गालियां खरीदकर खा लिया। जिससे उपचार के दौरान चंदौसी के निजी अस्पताल में उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी पर अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. श्रीशचंद्र, सीओ चंदौसी दीपक तिवारी भी पहुंच गए। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
दोनों पक्षों में विवाद की सूचना पर यूपी 112 पुलिस पहुंची थी। मंगलवार को दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। तहरीर के आधार पर दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जिस व्यक्ति ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर जान दी है। वह नशे की हालत में था। पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप है। उसकी जांच कराई जाएगी। डाॅ. श्रीशचंद्र, अपर पुलिस अधीक्षक, संभल।
