जांजगीर से ट्रक में लोहा लोड कर रायपुर आ रहा था चालक, रास्ते में चालक को बदमाशों ने पेड़ से बांध दिया
रायपुर- रायपुर में बदमाशों ने बुधवार तड़के एक ट्रक लूट लिया। स्काॅर्पियो सवार बदमाश चालक को पेड़ से बांधकर ट्रक लेकर भाग निकले। बताया जा रहा है कि ट्रक में करीब 10 लाख रुपए का लोहा लोड था। किसी तरह से चालक ने खुद को छुड़ाया और फिर थाने जाकर शिकायत की। घटना धरसींवा थाना क्षेत्र की है। फिलहाल, पुलिस ट्रक का पता लगा रही है। जानकारी के मुताबिक, जांजगीर स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज से चालक ट्रक में लोहा लेकर रायपुर आ रहा था। बताया जा रहा है कि रास्ते में धरसींवा क्षेत्र के तरपोंगी के पास स्काॅर्पियो सवार पांच लाेगों ने बुधवार तड़के करीब 4 बजे सामने से आकर ट्रक रुकवा लिया। इसके बाद चालक को डरा-धमकाकर पेड़ से बांध दिया और फिर ट्रक लेकर फरार हो गए। इसके बाद किसी तरह चालक थाने पहुंचा। पुलिस का कहना है कि ट्रक लूट की वारदात हुई है, लेकिन कहानी सही नहीं लग रही है। उनका कहना है कि चालक ने सड़क किनारे टॉयलेट जाने के लिए ट्रक रोका था। इसके बाद 4 से 5 बदमाश उसे धक्का देकर ट्रक लेकर भाग निकले हैं।
