ग्वालियर
पुरानी छावनी थाना क्षेत्र में रात दो बजे के लगभग दो गुटों में जमकर लाठी-तलवारें चलीं, जिसमें आधा दर्जन लोग घायल हो गए। झगड़े की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने स्थिति को काबू में कर घायलों को उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाकर दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुरानी छावनी थाना इलाके के हीरानगर खेरिया में रहने वाले बिन्दर सरदार और बग्गा सरदार के बीच पुरानी रंजिश चल रही है, जिनके बीच पूर्व में भी कई बार विवाद हो चुका है। बीती रात दो बजे के लगभग एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। जिसमें दोनों ओर से जमकर लाठी-तलवारें चलीं। इस झगड़े में वहां मौजूद रवि पाल सहित दोनों ओर के करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। हंगामे की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जैसे-तैसे माहौल को शांत कर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुरानी छावनी टीआई सुधीर सिंह कुशवाह ने बताया कि मामले में एक पक्ष से रवि पाल की तरफ से की गई शिकायत पर बग्गा सरदार व कश्मीर सरदार के खिलाफ तथा दूसरे पक्ष के जसवंत सिंह की फरियाद पर रवि पाल, बिन्दर सरदार व रिंकू सरदार के खिलाफ क्रॉस एफआईआर कर जांच की जा रही है।
