भोपाल
प्रदेश में जनपद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए कराए गए पहले चरण के चुनाव में उज्जैन, सागर, बड़वानी जिलों में नेताओं के समर्थकों और अधिकारियों के बीच विवाद की स्थिति बनी। इस दौरान उज्जैन में मंत्री मोहन यादव भाजपा समर्थित जनपद अध्यक्ष न बन पाने पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने एसडीएम से आग लगाने तक की धमकी दे डाली। यहां भाजपाइयों ने नारेबाजी और तोड़फोड़ भी की। उधर सेंधवा में पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ीं।
भाजपा का दावा है कि प्रदेश में पहले चरण में जनपद अध्यक्ष के चुनाव में 121 पर भाजपा समर्थित, 43 पर कांग्रेस, 4 पर निर्दलीय और 2 पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी समर्थित अध्यक्ष बने हैं वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने 89 जनपदों में कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष बनने की बात कही है।
बुधवार को जनपद पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्षों के पहले चरण की चुनावी प्रक्रिया पूरी हुई। इस दौरान सबसे अधिक चर्चा में उज्जैन रहा। उज्जैन जनपद में अध्यक्ष पद पर कांग्रेस का कब्जा होने के बाद गुस्साए भाजपाइयों ने जनपद में घुसकर तोड़फोड़ की।
उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव ने एडीएम को खरी-खोटी सुनाते हुए आग लग जाने तक की धमकी दे डाली और समर्थकों के साथ धरने पर भी बैठ गए। हार के बाद नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं ने जनपद कार्यालय के बाहर लगे बेरिकेड्स तोड़ दिए और तोड़फोड़ कर दी। इस बीच मंत्री मोहन यादव ने एडीएम को बीजेपी की हार पर खरी खोटी सुनाई और भाजपा के चार सदस्यों को वोट डालने की बात पर अड़ गए और उन्होंने एडीएम को आग लगाने की धमकी दे दी।
इसके बाद मंत्री अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। मंत्री मोहन यादव ने कहा की निर्वाचन में भारी चूक हुई है। भाजपा के पास 13 वोटर होने के बाद भी हार गई, उन्हें वोट नहीं डालने दिया गया। जंगल राज जैसा काम कर रहे हैं। इसके पहले जिला अधिकारियों और कांग्रेस विधायक महेश परमार के बीच प्राक्सी वोट डालने को लेकर तीखी बहस भी हुई।
सेंधवा और रहली में लाठियां भांजीं
उधर, बड़वानी के सेंधवा में कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच इस कदर गदर मची कि पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। सागर के रहली में भी हंगामे के बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। सेंधवा में जनपद अध्यक्ष चुनाव के दौरान कांग्रेस और बीजेपी समर्थकों के बीच झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि पुलिस को लाठी भांजनी पड़ी। दरअसल, जनपद सदस्य को काउंटिंग स्थल पर ले जाना था, लेकिन उनके समर्थक भी अंदर जाने की जिद करने लगे। जिसके बाद विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। रहली में पर्चा निरस्त होने पर विवाद की स्थिति बनी।
जेल में बंद हत्या का आरोपी बना जनपद अध्यक्ष
दमोह जेल में बंद हत्या के आरोपी जिला पंचायत अध्यक्ष शिवचरण पटेल के बेटे इंद्रपाल पटेल हटा जनपद अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। उनके पक्ष में 11 वोट पड़े। दतिया में वार्ड नंबर – 3 नयाखेड़ा से नवनिर्वाचित सदस्य गिरवर लोधी (53 साल) की डबरा में हार्ट अटैक से मौत हो गई। प्रदेश की 170 जनपद पंचायतों के अध्यक्षों का चुनाव हुआ। चुनाव के बीच दतिया जनपद पंचायत से नवनिर्वाचित सदस्य गिरवर लोधी (53 साल) की डबरा में हार्ट अटैक से मौत हो गई। आगर-मालवा में कांग्रेस और भाजपा के वोट बराबर होने पर एक बच्चे ने पर्ची निकालकर अध्यक्ष का चुनाव हुआ।
