जबलपुर
ट्रेन से सफर करने वाले अधिकांश यात्री करने में परेशान हैं। उन्हें कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो रहा है। तत्काल टिकट से भी उन्हें इन दिनों कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रही। इस परेशानी को दूर करने के लिए रेलवे ने कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच बढ़ा दिए हैं। इस बीच जबलपुर होकर रीवा और मुंबई के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन में भी रेलवे ने 2 अतिरिक्त एसी कोच बढ़ाएं हैं । इन कोचों की संख्या बढ़ने के बाद लगभग डेढ़ सौ यात्रियों को कंफर्म सीट मिल जाएगी।
रीवा स्टेशन से प्रारंभ/टर्मिनेट होने वाली गाड़ी संख्या 02187/02188 रीवा-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-रीवा सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन में वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के दो कोच स्थाई रूप से बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इन स्थाई कोच के लगने से 128 बर्थ की अतिरिक्त सुविधा रेल यात्रियों को मिलने लगेगी।
गाड़ी संख्या 02187 रीवा-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन में दिनांक 19 मई से रीवा स्टेशन से तथा वापसी में गाड़ी संख्या 02188 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-रीवा सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन में दिनाँक 20 मई से सीएसएमटी स्टेशन से 02 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के कोच स्थाई रूप से लगाने का निर्णय लिया गया है।
रेल प्रशासन के इस निर्णय से गर्मी के सीजन में रीवा, सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, गाडरवारा, पिपरिया, इटारसी, हरदा आदि शहर के रेल यात्रियों को वातानुकूलित तृतीय श्रेणी में 128 बर्थ की अतिरिक्त सुविधा मिलेगी ।
यह गाड़ी दो कोच बढ़ जाने से अब 01 वातानुकूलित प्रथम सह द्वितीय श्रेणी, 01 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, 05 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 10 शयनयान श्रेणी*, 04 सामान्य श्रेणी एवं 02 एसएलआरडी सहित कुल 23 कोच के साथ चलेगी।
रेल प्रशासन यात्रियों से अनुरोध करता है कि यात्रा के दौरान कोविड-19 से सम्बंधित सरकार द्वारा जारी सभी दिशा निर्देशों का पालन करें।
