छिंदवाड
लोधीखेड़ा थानाअंतर्गत ग्राम खैरीताय गांव में सराफा कारोबार करने वाले दो भाइयों को गोली मारकर ज्वलेरी व नकदी से भरा बैग लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात आरोपितों ने सराफा व्यापारियों को सरेराह गोली मारी, फिर बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। दोनों व्यापारियों को गंभीर अवस्था में नागपुर रेफर किया गया है। लोधीखेड़ा थाना क्षेत्र की रेमंड चौकी से महज 500 मीटर दूर यह वारदात घटित हुई है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक खैरीतायगांव में शुक्रवार को अपनी ज्वेलरी दुकान रात 10 बजे बंद करने के बाद जब दोनों सराफा व्यापारी भाई कृष्णा येरपुडे (52) तथा चंद्रशेखर येरपुडे (35) अपने घर लोधीखेड़ा के लिए रवाना हुए थे। रास्ते में खैरीताय गांव से नागपुर मार्ग पर एक ढाबे के समीप पहले से घात लगाएं बैठे दो बाइक पर सवार बदमाशों ने सराफा व्यापारी भाइयों पर गोली दाग दी। इससे दोनों भाई घायल हो गए और बदमाश ज्वेलरी व नकदी से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए। कृष्णा येरपुडे को कंधे तथा उनके भाई चंद्रशेखर को पेट में गोली लगी है। घायलों को उपचार के लिए सौंसर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था, जहां से दोनों को नागपुर रेफर किया गया है। सूचना पर तीन थाने सौंसर, लोधीखेड़ा, मोहगांव की पुलिस सक्रिय हो गई तथा आरोपितों की तलाश शुरु कर दी।
सूत्रों की माने तो आरोपितों की संख्या छह थी जो दो बाइक में सवार थे। घटना देर रात की होने के कारण आरोपित किस ओर भागे, इसकी जानकारी पुलिस को नहीं लग पाई है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सर्चिंग तथा कई मार्गों पर जांच शुरु कर दी है। दोनों सराफा व्यापारियों के गंभीर रूप से घायल होने की वजह से इस बात की जानकारी भी फिलहाल पुलिस को नहीं लग पाई है कि कितनी नकदी व ज्वेलरी लूटी गई है। पुलिस अधिकारियों ने रात में ही मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस टीम आरोपितों की तलाश में जुटी है।
