जबलपुर
नानाजी देशमुख वेटरनरी साइंस यूनिवर्सिटी (वीयू)के अंतर्गत संचालित रीवा वेटरनरी कॉलेज के कायाकल्प की तैयारी कुलपति डॉ एसपी तिवारी ने शुरू कर दी है। दरअसल, यह पूरी कवायद कुलपति ने पटरी से उतर रही कॉलेज की व्यवस्थाओं को देखते हुए शुरू की है। व्यवस्थाओं के साथ कॉलेज परिसर, भवन व छात्रों के लिए गुणवत्ता पूर्ण सुविधाएं दिए जाने को लेकर कुलपति इस बार अपनी पूरी प्रशासनिक टीम को लेकर रीवा जाएंगे। करीब दो दिन तक चलने वाली मैराथन बैठक और निरीक्षण के बाद मुखिया संबंधित विभागीय अफसरों के साथ मिलकर मौके पर कॉलेज के कायाकल्प को लेकर नया खाका खींचेंगे।
बताते हैं कि पिछले सप्ताह कुलपति डॉ. एसपी तिवारी रीवा वेटरनरी कॉलेज का जायजा लेने के लिए पहुंचे थे। यहां उनके सामने आई स्थितियों के बाद कुलपति ने अव्यवस्थाओं को लेकर कॉलेज के डीन सहित अन्य अधिकारियों के प्रति नाराजगी भी जाहिर की थी। विवि सूत्रों की मानें तो इस सप्ताह में होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर मुखिया ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को तैयार रहने के लिए कहा है।
साथ ही कॉलेज के निरीक्षण के बाद विवि व कॉलेज के अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित होगी। इसमें कॉलेज के इन्फ्रास्ट्रक्चर के साथ उन अफसरों को भी बदला जा सकता है, जिन्हें विवि प्रशासन ने काम करने के लिए चेताया था, लेकिन उनके रवैया जस की तस है। गौरतलब है कि यह पहली बार हो रहा है जब विवि के कुलपति अपने साथ अपनी पूरी टेक्नीकल और प्रशासनिक अफसरों की टीम को लेकर किसी कॉलेज के कायाकल्प को लेकर इतनी मुस्तैदी से जुटे हुए हैं।
