ग्वालियर
प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मंगलवार को ग्वालियर में ग्लव्ज पहनकर बॉक्सिंग रिंग में मुक्के चलाए। इसके साथ ही उन्होंने अपनी पूर्व पार्टी कांग्रेस पर मौखिक पंच भी मारा। तंज मारते हुए वे बोले- कांग्रेस को पार्टी मत कहा करो, वो प्राइवेट लिमिटेड कंपनी है, मध्यप्रदेश में जिसके CEO कमलनाथ जी हैं। ये बात उन्होंने शहर में 39वीं मध्यप्रदेश बॉक्सिंग चैंपियनशिप के उद्घाटन के मौके पर कही।
ऊर्जा मंत्री ने दावा करते हुए कहा कि MP में 2023 का विधानसभा चुनाव भाजपा UP की तर्ज पर जीतेगी और कमल खिलेगा। वहीं श्योपुर में अपराधियों के मकानों पर बुलडोजर चलने को लेकर उन्होंने कहा समाज में अगर कोई बेटियों या किसी अन्य के साथ अन्याय-अत्याचार करेगा तो उनके खिलाफ बुलडोजर जरूर चलेगा। आगे भी हमारी सरकार गलत काम करने वालों के खिलाफ ऐसा ही एक्शन लेगी।
बिजली दर नहीं बढ़ाई जाएगी
प्रदेश में बिजली दर बढ़ाने की बात पर तोमर ने कहा कि ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है। कोरोना काल के जो बिजली बिल माफ किए गए हैं। उनका पैसा मध्यप्रदेश सरकार ही भरेगी। साथ ही उन्होंने 20 मार्च को कांग्रेस द्वारा लोकतंत्र सम्मान दिवस मनाए जाने पर कहा- जब कश्मीर में आतंकवादी उत्पात मचा रहे थे, लोग पलायन कर रहे थे, तब कांग्रेस को लोकतंत्र सम्मान याद नहीं आया।
बता दें, 20 मार्च 2020 को सिंधिया समर्थक तोमर और 22 विधायकों के कांग्रेस से इस्तीफे के बाद कमलनाथ सरकार गिर गई थी। इस दिन को कांग्रेस लोकतंत्र सम्मान दिवस के तौर पर मनाती है।
