इंदौर
देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी के अगले महीने होने जा रहे दीक्षांत समारोह में एक बार फिर लडक़ों के मुकाबले लड़कियों का दबदबा दिखेगा। दोनों सत्रों के गोल्ड और सिल्वर मैडल पाने वालों में ज्यादातर लड़कियां है। सबसे अधिक पांच मैडल भी आईईटी की ही एक पासआउट छात्रा ने अपने नाम किए है।
23 मार्च को होने वाले दीक्षांत समारोह के लिए अलग-अलग कमेटियां गठित की जा चुकी है। 2019-20 और 2020-21 बैच में जिन विद्यार्थियों को अलग-अलग संकाय में मैडल दिए जाना है उनकी सूची भी जारी कर दी गई है। इस सूची के अनुसार दोनों बैच में 94-94 गोल्ड मैडल और 11-11 सिल्वर मैडल दिए जाना है। 2020 की बैच के 94 में से 69 मैडल लड़कियों के नाम है जबकि 2021 में भी 59 लड़कियों ने मैडल पर कब्जा जमाया। 2020-21 बैच के 11 सिल्वर मैडल में से 10 मैडल लड़कियां व 1 मैडल लडक़े के नाम रहा।
15 मार्च तक करना है आवेदन
दीक्षांत समिति ने मैडल पाने वाले टॉपर्स की सूची जारी करने के साथ आवेदन का प्रारूप भी पोर्टल पर अपलोड कर दिया है। टॉपर्स इस प्रारूप के साथ 15 मार्च तक यूनिवर्सिटी में आवेदन कर सकेंगे। जो टॉपर अभी इंदौर से बाहर है वे स्पीड पोस्ट से भी अपनी सहमति दे सकते है।
अंजली और अंकिता को मिलेंगे 5-5 गोल्ड
2019-20 के लिए अंजली डेम्बला को सर्वाधिक पांच गोल्ड मैडल मिलेंगे। अंजली को बीई कम्प्यूटर साइंस में पहला स्थान पाने पर श्री मोहनलाल मित्तल धार्मिक एवं परमार्थिक न्यास स्वर्ण पदक, औंकार परमार्थिक न्यास स्वर्ण पदक, श्री लक्ष्मीनारायण स्वर्ण पदक, स्व. मुकेश पारिख स्मृति स्वर्ण पदक और आईईटी स्वर्ण पदक से नवाजा जाएगा। 2020-21 में बीई सिविल के अंकित राज को भी पांच गोल्ड मैडल मिलेंगे। अंकित ने औंकार परमार्थिक न्यास स्वर्ण पदक, आरसी जाल चैरिटी स्वर्ण पदक, श्री मोहनलाल मित्तल धार्मिक एवं परमार्थिक न्यास स्वर्ण पदक, श्री लक्ष्मीनारायण स्वर्ण पदक और आईईटी स्वर्ण पदक अपने नाम किए है।
