कार्यालय में साफ-सफाई एवं नस्तियों को व्यवस्थित रखने के दिए निर्देश बेमेतरा कलेक्टर पदुम सिंह एल्मा ने आज बुधवार को कार्यालय जनपद पंचायत बेमेतरा का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय के विभिन्न शाखाओं में चल रहे कार्यों का अवलोकन किया और शीघ्र ही उन कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। कार्यालय में पुराने एवं टुटे फुटे फर्निचर, दस्तावेजों आदि को नियमानुसार अपलेखन करने हेतु निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान मनरेगा शाखा में तकनीकी सहायकों से मनरेगा कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और मास्टर रोल का अवलोकन किया। प्रधानमंत्री आवास शाखा में शासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2022-23 में आवास हेतु दिए गए अतिरिक्त स्वीकृति लक्ष्य को शीघ्र ही एमआईएस एंट्री एवं स्वीकृति पूर्ण करने के निर्देश दिए। समाज कल्याण शाखा एवं खाद्य शाखा का भी निरीक्षण किए। इस दौरान राशनकार्ड में नाम जोड़ने, हटाने एवं नवीन राशनकार्ड स्वीकृति की समीक्षा की। शाखा में उपस्थित ग्राम पंचायत के सचिवों से नियमित गोबर खरीदी करने एवं खरीदे गए गोबर की राशि का भुगतान समय पर करने के निर्देश दिए। उन्होंने सचिवों से गोबर खरीदी में आ रहे परेशानियों को पूछा एवं नापेड को वर्मी टाका में परिवर्तन कर वर्मी कम्पोस्ट तैयार करने को कहा। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण शाखा की साफ-सफाई एवं नस्तियों को व्यवस्थित रूप से रखने के निर्देश दिए। गौठानों में गोधन योजना अंतर्गत किए जा रहे कार्य-गोबर खरीदी, वर्मी कंपोस्ट उत्पादन, सुपर कंपोस्ट, विक्रय की स्थिति तथा प्रस्तावित कार्यों की स्वीकृति, मॉडल गौठान की जानकारी, स्वच्छ भारत मिशन के कार्य, मल्टी एक्टिविटी सेंटर का निर्माण अंतर्गत बकरी शेड, मुर्गी शेड, मशरूम उत्पादन आदि कार्यां की समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जनपद पंचायत कार्यालय में आये नागरिकों से आत्मीय बातचीत कर कार्यालय आने का कारण पूछा। जिसपर नवागांव (खुड़मुड़ी) निवासी चैनदास पात्रे ने बताया कि राशनकार्ड से अपने पुत्री का नाम कटवाने के लिए कार्यालय आया हुं। जिलाधीश ने चैनदास से राशनकार्ड से अपने बेटी का नाम कटवाने का कारण पूछे। चैनदास ने बताया कि उसकी बेटी की शादी हो गई है, उसका नाम उसके ससुराल के राशन कार्ड में जुड़वाना है, जिसके लिए उसके नाम को नवागांव के राशनकार्ड से कटवाना जरुरी था। राशनकार्ड से नाम कटने पर चैनदास ने कलेक्टर के समक्ष अपनी प्रसन्नता जाहिर की। कलेक्टर ने चैनदास से राशनकार्ड का प्रकार एवं उसमें मिलने वाले राशन सामग्री चावल, नमक, शक्कर, मिट्टी तेल आदि की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बेमेतरा चंद्रप्रकाश पात्रे सहित कार्यालय के स्टाफ उपस्थित थे।
