उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से बड़ी खबर आ रही है। यहां राम जानकी मार्ग पर रामरेखा नदी के पास भाग रहे हत्याकांड में नामजद बदमाश और पुलिस के बीच सोमवार की सुबह मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की गोली बदमाश के घुटने में लग गई। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक सॉफ्टवेयर इंजीनियर अजीत मिश्र हत्याकांड में नामजद शिवा उर्फ बाहुबली पाठक निवासी डुहवा मिश्र को पुलिस ने मुठभेड़ में धर दबोचा। मुठभेड़ के दौरान हुई फायरिंग में पुलिस की एक गोली हत्यारोपी के घुटने में लगी। गंभीर रूप से घायल होने पर उसे सीएचसी हर्रैया ले जाया गया जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मुठभेड़ में एसओजी टीम के अलावा छावनी और कप्तानगंज थाने की पुलिस टीम शामिल रही।
दो दिन पहले छावनी थाना क्षेत्र के चौकड़ी गांव में घुसकर बाइक सवार दो हमलावरों ने 26 वर्षीय अजीत मिश्र पर नजदीक से सिर में गोली मार दी थी। ग्रामीणों ने पीछा करके पकड़ना चाहा तो वे हवाई फायर करते हुए हाईवे की तरफ फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय अयोध्या भेजा। जहां से उसे गंभीर हालत में लखनऊ रेफर कर दिया गया। दूसरे दिन यानी शनिवार को अजीत ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। रविवार को इंजीनियर का शव घर लाया गया। चौकड़ी निवासी अखिलेश मिश्र के बड़े पुत्र अजित मिश्र नोएडा की एक सॉफ्टवेयर कंपनी में इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे। लॉकडाउन के चलते वह इन दिनों गांव में आ गये थे।
