हर दिव्यांग के सुख-दुख में साथ खड़ी है राज्य सरकार: श्रीमती भेंड़िया
नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. डहरिया और समाज कल्याण मंत्री श्रीमती भेंड़िया ने 8 श्रेणियों में दिए दिव्यांगजन राज्य स्तरीय पुरस्कार
उत्कृष्ट कार्य के लिए दुर्ग जिले, 3 दिव्यांग कर्मचारियों और 4 स्वैच्छिक संस्थाओं को मिला राज्य स्तरीय सम्मान
रायपुर, 04 दिसम्बर 2022
अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस 3 दिसंबर के अवसर पर नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया के मुख्य आतिथ्य और समाज कल्याण मंत्री अनिला भेंड़िया की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग द्वारा राजधानी रायपुर स्थित जोरा ग्राउंड में अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस समारोह 2022 का आयोजन किया गया।समारोह में अतिथियों ने उत्कृष्ट कार्य के लिए 8 विभिन्न श्रेणियों में दिव्यांगजन राज्य स्तरीय पुरस्कार दिए और 20 दिव्यांगजनों को अत्याधुनिक कृत्रिम बायोनिक हाथ, कृत्रिम पैर निःशुल्क प्रदान किए गए। निःशक्तजन के कल्याण हेतु उत्कृष्ट कार्य के लिए सर्वाेत्तम जिला श्रेणी में दुर्ग जिले को राज्य स्तरीय पुरस्कार 2022 से सम्मानित किया गया। समारोह में दुर्ग कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा ने शील्ड, प्रमाण पत्र, प्रशस्ति पत्र प्राप्त किया। अतिथियों ने बुजुर्गजन, दिव्यांगजन एवं उभयलिंगी समुदाय के लिए हेल्पलाईन सेंटर का शुभारंभ एवं लोकार्पण किया। कार्यक्रम में दिव्यांगजनों की डोर-टू-डोर सर्वेक्षण की अंतरिम डाटा संकलन पुस्तिका का विमोचन किया गया। इस अवसर पर संसदीय सचिव अम्बिका सिंहदेव, छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा, रायपुर महापौर एजाज ढेबर, जिला पंचायत अध्यक्ष डोमेश्वरी वर्मा, समाज कल्याण विभाग के सचिव भुवनेश यादव, संचालक रमेश कुमार वर्मा, विभागीय अधिकारी कर्मचारी सहित दिव्यांगजन और उनके परिजन उपस्थित थे।
