बेल्ट से घसीटकर नहर में फेंका
लुधियाना (पंजाब) -घर से बिना बताए गए और सात दिन बाद जगरांव के सुधार इलाके में नहर से मृत मिले मोगा के गांव पतोहीरा निवासी बूटा सिंह उर्फ सोनू की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसकी प्रेमिका के भाई ने की थी। पहले सिर पर ईंटे मारकर उसकी हत्या कर दी और बाद में बेल्ट से उसे घसीट कर नहर में फेंक दिया। लंबी जांच के बाद थाना डेहलों पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतक बूटा सिंह की बाइक भी बरामद कर ली है। एडीसीपी- 2 जसकिरण सिंह तेजा ने बताया कि गांव गिल के रहने वाले जगजीत सिंह ने 29 मई को सूचना दी थी कि उसका मौसेरा भाई बूटा सिंह करीब 15 साल से उनके पास रहता है और सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता है। बूटा सिंह के किला रायपुर की रहने वाली एक युवती के साथ प्रेम संबंध हैं। 29 मई की शाम को वह बिना किसी को बताए वहां चला गया। उसके बाद नहीं मिला। छह दिन बाद बूटा सिंह का शव सुधार नहर से बरामद हुआ। उसके सिर पर चोट के निशान थे। जांच में पता चला कि बूटा सिंह की किला रायपुर की जिस लड़की से संबंध थे, वह 29 मई को उससे मिलने गया था। बूटा सिंह ने शराब पी रखी थी। घर के पास ही युवती के भाई ने उसे देख लिया। वह बूटा सिंह को बहला फुसला कर अपने साथ ले गया। नहर किनारे जाकर आरोपी ने उसके सिर पर ईंट मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने बेल्ट उतारकर उसे गले से खींचा और नहर में शव फेंककर मृतक की बाइक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को घर से गिरफ्तार कर मृतक की बाइक भी बरामद कर ली गई है।
