कलेक्टर के सरल और सहज स्वभाव को देखकर आवेदकों ने बेझिझक रखी अपनी बात
मुंगेली 22 जुलाई 2022
कलेक्टर राहुल देव जिले में विभिन्न विकास कार्यों और कार्यालयों के निरीक्षण के दौरान और प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाले जनदर्शन में लोगों की समस्याएं तो सुनते ही हैं। लेकिन आज एक अलग ही नजारा देखने को मिला। कलेक्टर राहुल देव ने जिला कलेक्टोरेट में अपनी समस्याओं एवं मांगो को लेकर पहुंचे नागरिकों के पास स्वयं जाकर उनकी समस्याएं सुनी। इस दौरान कलेक्टर के सरल और सहज स्वभाव को देखकर आवेदकों ने बेझिझक अपनी बातें रखी। ग्राम ठाकुरदेवा पदमपुर के बोधीराम ने अतिवृष्टि के कारण मकान ढह जाने की समस्या बताई और मुआवजा राशि दिलाने की मांग की। कलेक्टर ने इसे गंभीरता से लिया और संबंधित अधिकारी को जांच उपरांत मुआवजा राशि प्रदान करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार मुंगेली की कुछ महिलाओं ने शासकीय आयुर्वेदिक अस्पताल को पुनः साईं मंदिर परिसर में स्थानांतरित करने की मांग की। उन्होंने बताया कि आयुर्वेदिक अस्पताल शहर के बीच स्थित होने पर पूरे शहरवासियों और बूजुर्गों को लाभ मिल पाता था। लेकिन जिला अस्पताल में स्थानांतरण होने के कारण हम इस सुविधा से वंचित हैं। कलेक्टर ने इस पर आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया। इसी प्रकार कलेक्टर ने अन्य आवेदकों की भी समस्याओं व मांगों को सुनी और नियमानुसार निराकरण का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर तीर्थराज अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर नम्रता आनंद डोंगरे सहित संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
