प्रतापगढ़. उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में भीषण सड़क हादसे में 9 लोगो की दर्दनाक मौत हो गई है. मामला नबाबगंज थाना के वाजिदपुर गांव का है. यहां भोर में हाईवे पर कंटेनर ट्रक और स्कॉर्पियो की भीषण टक्कर हो गई. दुर्घटना में स्कॉर्पियो सवार 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया. उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है. हादसे की वजह स्कॉर्पियो ड्राइवर को नींद की झपकी आना और बारिश का मौसम बताया जा रहा है.
परिवार का पता चला है कि राजस्थान के भिवाड़ी से पूरा परिवार कार में सवार होकर बिहार के भोजपुर जनपद के शाहगंज थाने के गोसाईपुर जा रहा था. रास्ते में ही परिवार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. पुलिस के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो कंटेनर ट्रक में पूरी तरह से घुस गई थी. 3 घंटे तक पुलिस ने रेस्क्यू कर गाड़ी को गैस कटर से काटकर शव को बाहर निकाला. इसके बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया.
