पोंड़ी-बचरा में नवीन महाविद्यालय, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी स्कूल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन, सहकारी बैंक, पुलिस चौकी, घनुहर नाले पर नया पुल और सकरिया में विद्युत सब स्टेशन की सौगात
रायपुर 03 जुलाई 2022
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज बैकुण्ठपुर विधानसभा क्षेत्र में भेंट मुलाकात की शुरूआत ग्राम पोंड़ी-बचरा की देवगुड़ी में विधिवत पूजा-अर्चना से की। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की मांग पर पोंड़ी-बचरा में उच्च शिक्षा के लिए नवीन महाविद्यालय, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी स्कूल, स्वास्थ्य सुविधा को बेहतर बनाने के लिए पांेड़ी-बचरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन, बैंकिंग सुविधा विस्तार के लिए सहकारी बैंक की शाखा, पुलिस सहायता केंद्र का पुलिस चौकी में उन्नयन, सु-व्यवस्थित आवागमन के लिए ग्राम मनसुख के पास घनुहर नाले पर नए पुल के निर्माण और ग्राम सकरिया में नवीन विद्युत सब स्टेशन स्थापित करने की घोषणा।मुख्यमंत्री के ग्राम पोंड़ी-बचरा पहुंचने पर मांदर, नगाड़े की थाप और सेवा गीत की धुन पर स्थानीय नाचा दल ने उत्साहपूर्वक उनका स्वागत किया। रेशम महिला समूह जामपारा की सदस्य श्रीमती अन्नपूर्णा सिंह ने मुख्यमंत्री को महिलाओं द्वारा टसर के धागों से बनी मलबरी कोसा की माला भेंट की। राजीव युवा मितान क्लब पोंड़ी के सदस्यों ने पारम्परिक खुमरी और कच्चे सूत की माला पहनाकर स्वागत किया। भेंट मुलाकात के दौरान श्रीमती विमला श्याम ने राज्य सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों पर आधारित मनमोहक गीत प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने गीत से प्रभावित होकर उनकों बधाई व शुभकामनाएं दी।
