रायपुर. कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में ग्रेजुएशन, पीजी और पीएचडी की लिखित परीक्षा नहीं ली जाएगी. विश्वविद्यालय की विद्या परिषद द्वारा ये फैसला लिया गया है जिसमें विश्वविद्यालय अनुदान आयोग और नई दिल्ली के भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा जारी दिशा-निर्देशों को आधार माना है. यूनिवर्सिटी के निर्देश के मुताबिक चालू सत्र में विद्यार्थियों का मूल्यांकन शिक्षकों द्वारा सैद्धान्तिक और प्रायोगिक विषयों में किए गए आन्तरिक मूल्यांकन यानी इंटरनल असिसमेंट और पिछले सत्रों में छात्रों द्वारा किए गए प्रदर्शन के आधार पर करने का फैसला लिया गया है. हालांकि इस आधार पर टॉपर्स की सूची किस तरह तैयार होगी, विश्वविद्यालय में इसे लेकर अब भी संशय की स्थिति बनी हुई है.आपको बता दें कि कोरोना संक्रमण की वजह से क्लासेस 20 मार्च 2020 से स्थगित हैं. इन परिस्थितियों में शैक्षणिक सत्र 2019-20 के द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाओं के आयोजन के संबंध में विश्वविद्यालय के विद्या परिषद की आकस्मिक बैठक दिनांक 21 मई 2020 को आयोजित की गई और फिर ये फैसला लिया गया है.
