भेंट-मुलाकात में पाराडोल पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा-लोगों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं यह देखने आया हूं
क्षेत्र के लिए की अनेक घोषणाएं
तेंदुडांड पाराडोल में हसदेव नदी पर बनेगा उच्चस्तरीय पुल
हसदेव नदी पर एनीकट का निर्माण करवाया जायेगा
नगर पंचायत झगराखांड में मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जायेगा
ग्राम पंचायत नारायणपुर मुख्यमार्ग से घुईपानी तक 03 किमी पक्की सड़क बनायेंगे
छिपछिपी हाई स्कूल हेतु नये भवन का निर्माण किया जायेगा
रायपुर, 29 जून 2022
खुद हल चलाकर खेत की जुताई भी की
छत्तीसगढ़ के किसान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल खेत में नांगर-बइला (हल और बैल) देखकर खुद को रोक नहीं पाए। पाराडोल पहुंचे मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल से सटे खेत में धान बुवाई होते देख वहां पहुंच गए। उन्होंने खेत में हल चलाकर जुताई की और ‘सोनम’ धान की बुवाई की। यह खेत गांव के कोटवार श्री भागीरथी को कोटवारी जमीन के रुप में मिली है।
किसान के घर किया भोजन- पाराडोल में मुख्यमंत्री ने किसान मनकेश्वर सिंह के घर दोपहर का भोजन किया। पारम्परिक व्यंजन बथुआ के सुक्सी भाजी, मुनगा सब्जी, तोरई सब्जी और लकड़ा चटनी का स्वाद लिया।
