उत्तर बस्तर कांकेर 07 जून 2022
भानुप्रतापपुर विकासखण्ड के ग्राम घोठा के मंगतीबाई गावड़े और दुर्गूकोंदल विकासखण्ड के ग्राम कोंडरूज निवासी सुपोतिन कोरेटी को जिला प्रशासन कांकेर द्वारा तत्काल एपीएल राशन कार्ड बनाकर दिया गया है, जिससे उन्हें 10 रूपये प्रति किलो की दर से चावल मिलने लगेगा, जो बाजार दर से बहुत कम है। भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इन दोनों हितग्राहियों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया था, जिस पर जिला प्रशासन द्वारा त्वरित अमल किया गया है।
भानुप्रतापपुर विकासखण्ड के ग्राम भानबेड़ा में आयोजित भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में मंगतीबाई गावडे़ ने अपनी समस्या बताते हुए राशन कार्ड दिलाने की मांग मुख्यमंत्री से की थी। इसी प्रकार दुर्गूकोंदल में आयोजित कार्यक्रम में कोण्डरूज निवासी सुपोतिन कोरेटी ने राशन कार्ड दिलाने के लिए अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर जिला प्रशासन कांकेर द्वारा त्वरित कार्यवाही किया जाकर उनकी पात्रता के अनुसार उन्हें एपीएल राशन कार्ड उपलब्ध करा दिया गया है। श्रीमती मंगती बाई गावड़े को वार्ड पंच हीराबाई बेलसरिया तथा सुपोतिन कोरेटी को ग्रामीणों की उपस्थिति में राशन कार्ड सौंपा गया। राशन कार्ड मिलने से खुश होकर दोनों हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को धन्यवाद ज्ञापित किये हैं
