विकास कार्य जन सरोकारों से जुड़े होते हैं। बस्तर के लोग जब तक सहमत नहीं होंगे, बोधघाट परियोजना प्रारंभ नहीं की जाएगी। यह बात मुख्यमंत्री ने कांकेर में आयोजित प्रेसवार्ता में पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में तेजी से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। साढ़े तीन सालों में बस्तर विकास के क्षेत्र में काफी आगे बढ़ा है। ग्रामीण विकास और खेती किसानी को लेकर शासन ने जो निर्णय लिये हैं उससे तेजी से लोगों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। न्याय योजनाओं का पैसा ग्रामीणों के खाते में आ रहा है इसलिए हर भेंट मुलाकात में बैंक खोलने संबंधी मांग अधिक आ रही है। वाहनों की खरीदी बढ़ गई है ट्रैक्टर, कार, बाइक के नये शो रूम तेजी से खुल रहे हैं। वनोपज संग्रहण की नीति से भी सुखद बदलाव हुआ है। महुआ की खरीदी बढ़ी है। काजू से लेकर मिलेट्स और महुआ का मूल्य संवर्धन हो रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूलों के माध्यम से और स्वास्थ्य में हाट बाजार में मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल पा रही हैं।
