राजागांव गौठान में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने देखी प्रसंस्करण ईकाई, नवाचारों पर जताई खुशी
दहीकोंगा में सहकारी बैंक की शाखा खुलेगी
रायपुर, 27 मई 2022
कोंडागांव के राजागांव में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ग्रामीणों से भेंट-मुलाकात की। यहां उन्होंने गौठान में सुगंधित तेल निकालने का प्रसंस्करण यूनिट भी देखा। उन्होंने सुगंधित तेल का रेट पूछा। किसान ने बताया- 15 सौ रुपए प्रति लीटर, मुख्यमंत्री ने खुशी जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती किसानी को आगे बढ़ाने के लिए बाजार की जरूरतों के मुताबिक खेती को भी अपनाना चाहिए। दुनिया भर में सुगंधित फसलों के उत्पादों की मांग बढ़ रही है इसके अनुरूप ऐसे उत्पाद अपनाकर किसान काफी मुनाफा कर सकते हैं। आप लोगों का कंपनी से एमओयू हुआ है और बाजार के लिए आप लोग निश्चिंत हैं। उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है कि गौठान नवाचारों के केंद्र भी बने हैं और यहां भिन्न तरह की आजीविकामूलक गतिविधियों चलाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने भेंट मुलाकात के दौरान ग्रामीणों से कहा कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना के अंतर्गत धान के अलावा अन्य फसलों के उत्पादन के लिए भी सरकार सहयोग दे रही है। मुख्यमंत्री ने शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति की जानकारी भी लोगों से ली। भेंट-मुलाकात के दौरान उद्योग मंत्री कवासी लखमा, राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम, सांसद दीपक बैज, कोण्डागांव विधायक मोहन मरकाम एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे।
नक्सल पीड़ित अजोबती ने कहा, आपकी सरकार आने से मेरी तकलीफें हुई समाप्त- कोंडागांव के लखापुरी की नक्सल पीड़ित अजोबती ने कहा कि नक्सलियों ने मुझे दस दिन जंगल में रखा और बेरहमी से मारपीट की। नक्सलियों के भय की वजह से मुझे अपना घर छोड़ना पड़ा था। मुख्यमंत्री जी, आपकी सरकार आई तो मुझे सारी योजनाओं का लाभ मिला। अब मुझे कन्या छात्रावास में भृत्य की नौकरी मिल गई है। मेरे जीवन में सुखद बदलाव आपकी योजनाओं की वजह से हुआ है आपकी सरकार आने से मेरी तकलीफ दूर हुई।
