लोगों को यहां थाली में परोसा जा रहा भोजन
सोशल मीडिया में प्रचारित खबर पूरी तरह असत्य
सोशल मीडिया में बिरनपुर और सहसपुर लोहारा के क्वारेंटाईन सेंटर को लेकर प्रचारित की जा रही खबर पूरी तरह असत्य है। राजनांदगांव जिले में बिरनपुर नाम का कोई स्थान नही है जबकि कबीरधाम जिले के लोहारा विकासखण्ड में बिरनपुर के शासकीय स्कूल में और नगर पंचायत सहसपुर लोहारा के सरस्वती शिशु विद्यालय में क्वारेंटीन सेंटर बनाया गया। यहां बनाए गए क्वारेंटाईन सेंटर में लोगों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन द्वारा भोजन, नास्ता, शौचालय और चिकित्सकीय परीक्षण के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
कबीरधाम जिले के लोहारा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री केशव वर्मा ने बताया कि ग्राम बिरनपुर को कन्टेंमेंट जोन घोषित किया गया है। बिरनपुर में क्वारेंटाईन में रखे गए सभी व्यक्तियों को भोजन थाली में ही परोसा जा रहा है। इस सेंटर में कोविड- 19 के संक्रमण के बचाब के उपायों के तहत सभी प्रवासी श्रमिकांे को अलग-अलग स्टील की थाली और ग्लास दिए गए है जिसमें श्रमिको को दाल-चावल और सब्जी परोसा जाता है। उन्होंने बताया कि बिरनपुर क्वारेन्टीन में 75 श्रमिकों को रखा गया था। इस केंद्र में 75 वर्ष की बुजुर्ग महिला कोरोना पाजेटिव मिलने के बाद बिरनपुर और तालपुर को कन्टेन्टमेंट जोन घोषित किया गया था। अन्य श्रमिकों की सोमवार को निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद आज जिन श्रमिकों ने 14 दिन पूरा कर लिए थे, उन्हें घर जाने की अनुमति दी गई है। वर्तमान में इस क्वारेन्टीन सेंटर में 11 श्रमिक रुके हुए है।
इसी तरह नगर पंचायत सहसपुर लोहारा के मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने बताया कि सरस्वती शिशु विद्यालय के क्वारेंटाइन सेंटर में प्रवासी श्रमिकों को भोजन, थाली और बर्तन उपलब्ध कराया जा रहा है। किसी भी श्रमिक को अखबार के कागज में भोजन नहीं दिया गया है। इस संबंध में प्रचारित की जा रही खबर पूरी तरह असत्य और फोटो यहां की नही है। उन्होंने बताया कि भोजन के समय भी फिजिकल डिस्टेंसिंग और साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ सामाजिक संस्थाओं और पंचायत पदाधिकारियों के माध्यम से यहां की व्यवस्था का संचालन किया जा रहा है।
