चिखली-ढाबा मार्ग पर गुरुवार शाम 4.30 बजे सड़क क्रॉस करने खड़ी मां और 6 वर्षीय बेटी को रॉग साइड पर आकर मोटर साइकिल क्रमांक सीजी-एक्यू-6357 के चालक ने ठोकर मार दी। इस घटना में गंभीर रूप से घायल मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मां को घायलावस्था में मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
इस घटना में मासूम की मौत से मोहल्ले में मातम छा गया है। वहीं लापरवाह मोटर साइकिल चालक के खिलाफ आक्रोश है। मोहल्ले के रहवासी आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद गमगीन माहौल में बालिका का स्थानीय मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चिखली ढाबा रोड वार्ड 6 में रहने वाली उमेश्वरी देवी अपनी बेटी विन्नी मेश्राम के साथ कहीं से वापस अपने घर लौट रही थी। मकान तक पहुंचने रोड क्रास करने करीब 60 फीट चौड़ी सड़क के किनारे शिव शक्ति पब्लिक स्कूल गेट के सामने पीली मार्किंग लाइन के बाहर खड़ी थी।
इसी बीच तेज रफ्तार से आ रहे मोटर साइकिल के चालक स्टेशन पारा निवासी शेखर ठाकुर ने उक्त महिला और उसकी बेटी को ठोकर मार दी। मोटर साइकिल की ठोकर से बालिका के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्से में गंभीर चोटें आई। चिखली एवं शांति नगर के वार्ड वासियों ने बताया कि हादसों को रोकने यहां ब्रेकर बनाने की मांग की गई है।
पिता ने कहा- सख्त कार्रवाई की जाए
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बालिका की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं घायल महिला के एक पैर की हड्डी टूट गई है। मृतिका विन्नी के पिता अरुण मेश्राम ने कहा उनकी पत्नी उमेश्वरी एवं पुत्री विन्नी चौड़ी सड़क के किनारे खड़े थे। आरोपी वाहन चालक ने रांग साइड में आकर ठोकर मारी जिसमें उनकी बेटी की मौत हो गई और पत्नी गंभीर है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई की मांग की है।
