भिलाई । कालेज से घर लौट रही एक छात्रा को बाइक सवार दो बदमाशों ने अगवा करने की कोशिश की। दोनों आरोपित उसका पीछा करते हुए उसके घर तक पहुंचे। इसके बाद एक आरोपित ने युवती से बात करने के लिए कहा। युवती ने बात करने से इन्कार किया तो उसने उसे जबरदस्ती बाइक पर बैठाने की कोशिश की। उसका गला दबाया और जान से मारने की धमकी दी। युवती के घर के पास की एक महिला और गार्ड ने ये सब देखा तो उन्होंने बीच बचाव किया। जिसके बाद आरोपित वहां से भाग गए। घटना की शिकायत पर पुरानी भिलाई पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस ने बताया कि सांई विलास अपार्टमेंट जंजगिरी निवासी 19 वर्षीय युवती खुर्सीपार के नवीन कालेज में बीएसपी प्रथम वर्ष की छात्रा है। वो शनिवार को कालेज गई थी। कालेज से दोपहर में वो आटो से अपने घर के लिए निकली। अपनी कालोनी के पास वो आटो से उतरकर पैदल अपने घर की ओर जा रही थी। इसी दौरान आरोपित प्रेम सिन्हा उर्फ ईशान अपने एक दोस्त के साथ बाइक से उसका पीछा करते हुए वहां पहुंचा।
आरोपित प्रेम सिन्हा उर्फ ईशान ने युवती से कहा कि वो उससे बात करना चाहता है। युवती ने बात करने से मना किया तो आरोपित ने उसका हाथ पकड़कर बाइक पर बैठाने की कोशिश की। इस दौरान युवती के पैर में चोट लगी और वो शोर मचाने लगी। इस पर आरोपित ने उसका गला दबा दिया और गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी। कालोनी के गार्ड रवि और एक महिला ने वहां पहुंचकर युवती को बचाया। वहीं दोनों आरोपित वहां से भाग खड़े हुए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी पतासाजी शुरू की है।
