रायपुर। विधानसभा में पांच राज्यों के चुनाव परिणाम को लेकर शुक्रवार को भी नोकझोंक होती रही। भाजपा विधायकों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से सवाल किया कि उत्तर प्रदेश में दो सीट कितने की पड़ी। इस पर बघेल ने मुस्कुराते हुए कहा कि जितने की आपको पंजाब में पड़ी।उत्तर प्रदेश में छत्तीसगढ़ माडल फेल होने और कांग्रेस के केवल दो ही सीट जीतने को लेकर नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, बृजमोहन अग्रवाल, अजय चंद्राकर सहित भाजपा के विधायक चुटकी ले रहे थे। इस पर बघेल ने कहा कि हमने जनता का जनादेश स्वीकार किया है। हमने उत्तर प्रदेश में प्रयास किया, लेकिन जनता ने स्वीकार नहीं किया। बघेल ने कहा कि लेकिन हम प्रयास करेंगे।छत्तीसगढ़ में भी 15 साल भाजपा की सरकार थी, हमने प्रयास किया और आज भाजपा सदन में दो लाइन में सिमट गई। हम प्रयास करते रहेंगे। भाजपा के शिवरतन शर्मा ने बघेल को बधाई देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के चुनाव के बाद कांग्रेस में आपका कद और बढ़ गया है। हम कामना करते हैं कि आप गुजरात के विधानसभा चुनाव में भी प्रभारी बनें। इस पर बघेल ने कहा कि गुजरात में हमारा पूरा संगठन काम कर रहा है।
विधायक छन्नी साहू की बढ़ाई गई सुरक्षा
खुज्जी विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक छन्नी साहू की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने शुक्रवार को सदन में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उन्हें छह पीएसओ दिया गया है। साथ ही घर की सुरक्षा में भी जवान तैनात कर दिए गए हैं।बता दें कि पति के खिलाफ अपराध दर्ज करने और गिरफ्तारी के विरोध में विधायक साहू ने अपनी सुरक्षा लौटा दी थी। गुरुवार को सदन में विपक्षी विधायकों ने यह मुद्दा उठाया था। साहू के साथ ही जकांछ विधायक प्रमोद साहू के खिलाफ एफआइआर का मामला भी उठा था।
विधानसभा अध्यक्ष डा. चरण दास महंत ने दोनों मामलों में गृह मंत्री को सदन में जवाब प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था। इसके बाद गृह मंत्री ने शुक्रवार को सदन में पूरी जानकारी दी। इस दौरान विपक्ष की तरफ से मामला विवेचना में होने के बावजूद विधायक साहू के पति की गिरफ्तारी पर प्रश्न उठाया।भाजपा के बृजमोहन अग्रवाल ने विधायक लोक सेवक की श्रेणी में होने की बात कहते हुए अध्यक्ष डा. महंत से आग्रह किया कि वे ऐसी व्यवस्था करें जिससे किसी भी विधायक के खिलाफ मामला दर्ज करने से पहले विधानसभा अध्यक्ष की अनुमति ली जाएग। अध्यक्ष ने इस मामले में सभी पक्षों से चर्चा करने का आश्वासन दिया है।
