0 जिला न्यायाधीश ने वेसलियन हिन्दी स्कूल विद्यार्थियों का बढ़ाया हौसला
राजनांदगांव, 25 फरवरी। वेसलियन हिन्दी मीडियम के अटल टिंकरिंग लैब के शाला विद्यार्थियों ने जिला न्यायालय को आटोमैटिक सेनेटाईजर मशीन भेंट की है। सेनेटाईजर मशीन से अदालत के जज, अधिवक्ता और फरियादी को सेनेटाईजिंग में आसानी होगी। जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री विनय कुमार कश्यप को शाला के विद्यार्थियों कु. हीना जगने, कु. अंकिता, मा. भूताप और अंतग गार्डिया द्वारा न्यायाधीशद्वय की मौजूदगी में सेनेटाईजिंग मशीन भेंट की। विद्यार्थियों के इस प्रयास की न्यायाधीशद्वय श्री कश्यप, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती सत्यभामा दुबे, जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष मनोज चौधरी ने सराहना की। इस दौरान शाला प्राचार्य संजय गार्डिया व शिक्षकगण भी उपस्थित थे। पूर्व में भी शाला के छात्रों द्वारा तत्कालिन कलेक्टर टीके वर्मा को भी सेनेटाईजर मशीन भेंट की थी। वेसलियन हिन्दी मीडियम स्कूल में स्थित टिंकरिंग लैब में तकनीकी शिक्षा के जरिये विद्यार्थी नई सोच के साथ तकनीकी रूप से दक्ष हो रहे हैं।
