केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज दोपहर बाद वाराणसी के सेवापुरी स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज के मैदान में भाजपा व अपना दल एस गठबंधन के सेवापुरी प्रत्याशी नीलरतन पटेल उर्फ नीलू के पक्ष में जनसभा करेंगे।
विधानसभा चुनाव में पूर्वांचल की सियासी जमीन पर दिग्गजों का जमावड़ा होने लगा है। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज दोपहर बाद वाराणसी के सेवापुरी स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज के मैदान में भाजपा व अपना दल एस गठबंधन के सेवापुरी प्रत्याशी नीलरतन पटेल उर्फ नीलू के पक्ष में जनसभा करेंगे।
लंबे समय बाद वाराणसी में राजनाथ की जनसभा होने जा रही है। इसको लेकर भाजपा संगठन भी उत्साहित है। कार्यकर्ता भी जोश में हैं। जनसभा को लेकर मौके पर तैयारी पूरी कर ली गई है। भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने बताया कि जनसभा को देखते हुए सभा स्थल पर मंच बनाया गया है। इधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 फरवरी को जिले भर के बूथ कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे।
संस्कृत विश्वविद्यालय होगा पीएम का भाषण
भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरने और विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 27 फरवरी को मेरा बूथ सबसे मजबूत अभियान को गति देंगे। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के प्रांगण में कार्यक्रम का आयोजन होगा।
रक्षा मंत्री की सुरक्षा को लेकर हुई बैठक
लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बृहस्पतिवार को रक्षा मंत्री के आगमन के मद्देनजर बुधवार को एयरपोर्ट के कांफ्रेंस हाल में एएसएल की बैठक हुई। इसमें रक्षा मंत्री की सुरक्षा व्यवस्था और उनके आगमन से लेकर वापस जाने तक फोर्स की तैनाती पर चर्चा की गई।
बैठक में एयरपोर्ट निदेशक अर्यमा सान्याल, सीनियर कमांडेंट अजय कुमार, आईबी अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी और सीओ पिंडरा अभिषेक पांडेय व सीओ बड़ागांव जगदीश कालीरमन के साथ अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
