राजनांदगांव। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला खुज्जी डोंगरगांव का सात दिवसीय विशेष आवासीय शिविर का आयोजन ग्राम कबीर मठ नादिया में किया गया। शिविर उद्घाटन में मुख्यअतिथि जनपद
सदस्य दीपिका साहू थी। अध्यक्षता केवलराम ठाकुर ने की।
सात दिवसीय इस विशेष आवासीय शिविर में एनएसएस इकाई उच्च माध्यमिक शाला खुज्जी के छात्रों ने कार्यक्रम अधिकारी एवं प्रभारी प्राचार्य गुमान साहू के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में गांव में व्यापक अभियान चलाया। प्रतिदिन सुबह पांच बजे प्रभात फेरी एवं जन जागरण रैली निकाली गई। प्रयोजना कार्य के अंतर्गत स्वयंसेवकों के द्वारा प्रतिदिन गांव में स्वच्छता अभियान के साथ साथ वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण जन जागरण, जल संरक्षण, नशा उन्मूलन, नारी सशक्तिकरण, बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ, कोरोना जागरूकता अभियान, स्वच्छ भारत – स्वस्थ भारत, भूमि संरक्षण, कैरियर गाइडेंस, राष्ट्रीय एवं सामाजिक चेतना, आदि समसामयिक ज्वलन्त समस्याओं पर गांव में व्यापक जन जागरण अभियान चलाया गया। इस दौरान गांव की महिलाओं ने भी एनएसएस स्वयंसेवकों के जन जागरण रैली में सक्रियसहभागिता निभाई।
कबीर मठ की दी जानकारी : इस दौरान छात्रों ने ऐतिहासिक कबीर मठ का दर्शन भी किया एवं धर्माचार्य
मंगल साहेब एवं सत्येंद्र साहेब द्वारा कबीर मठ नादिया के इतिहास के बारे में जानकारी भी ली एवं मंदिर परिसर में श्रमदान भी किया। समापन समारोह में मुख्यअतिथि हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग के राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डा.आरपी अग्रवाल थे। जिन्होंने श्री रामचरितमानस में हनुमान के द्वारा लंका दहन के माध्यम से एक कुशल प्रबंधन विषय पर छात्रों को विशेष रूप से प्रभावित किया। छात्रों के व्यक्तित्व निर्माण पर एनएसएस की गतिविधियों के विशेष प्रभाव का उल्लेख किया।
डा.सुरेश कुमार पटेल ने मैग्नेट का उदाहरण देकर छात्रों को बताया कि कैसे राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्रो में अन्य लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने की क्षमता होती है। छात्रों के जीवन में एनएसएस की भूमिका पर बहुत ही गंभीर व्याख्यान प्रस्तुत किया।
