पंजाब- गांव गद्दांडोब में शुक्रवार शाम घरेलू विवाद के चलते एक व्यक्ति ने पत्नी की पिटाई कर उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल में पहुंचाया और शनिवार सुबह मृतका की मां के बयान पर उसके पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी।
करीब 25 वर्षीय मृतका हरसिमरजीत कौर पुत्री बचित्र सिंह की मां गुरमीत कौर ने पुलिस को बयान दर्ज करवाते हुए बताया कि करीब 6 वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी बेटी की शादी गांव गद्दांडोब निवासी जसवंत सिंह के साथ की थी। इसके बाद उसके घर एक बेटे ने जन्म लिया। लेकिन पिछले कुछ समय से हरसिमरजीत कौर व जसवंत सिंह में पारिवारिक झगड़ा रहता था, जिसको लेकर कई बार पंचायतें भी हुईं। गुरमीत कौर के अनुसार गत दिवस करीब 12 बजे बेटी ने अपने साथ हुई पिटाई की सूचना उन्हें दी और शाम के समय जब वह अपने पति के साथ बेटी के घर पहुंची तो उसका पति जसवंत उससे मारपीट कर रहा था और उसके सामने ही उसने बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही डीएसपी संदीप सिंह, थाना सदर के प्रभारी रणजीत सिंह व एएसआई दयाल चंद मौके पर पहुंचे और जांच करते हुए शव को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने गुरमीत कौर के बयान पर उसके पति जसवंत के खिलाफ भांदस की धारा 302 के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
