इंदौर से दुबई जाने वाली उड़ान के लिए देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर जांच के दौरान 37 वर्षीय महिला सहित तीन यात्री कोरोना संक्रमित पाए गए। हवाईअड्डे पर जांच में पाजिटिव पाई गई महिला ओल्ड पलासिया क्षेत्र की है। इंदौर से दुबई जाने वाली फ्लाइट में कुल 127 यात्रियों की बुकिंग थी, जिनमें से 116 वयस्क यात्री और 11 बच्चे हैं। खबर लिखे जाने तक अभी 60 यात्रियों की कोरोना रिपोर्ट आना शेष थी।
गौरतलब है कि हवाई यात्रा करने वाले प्रत्येक यात्री को 36 घंटे पहले कि आरटीपीसीआर की कोरोना की जांच कराना अनिवार्य है। इसके अलावा दुबई सरकार की कोरोना गाइडलाइन के अनुसार दुबई आने वाले यात्रियों को हवाईअड्डे पर भी रैपिड एंटिजन टेस्ट कराना अनिवार्य किया गया है। इसी जांच के दौरान पिछले कुछ हफ्तों से दुबई जाने से पहले होने वाली रैपिड टेस्ट के दौरान यात्री पाजिटिव पाए गए। पाजिटिव पाए गए यात्री को स्वास्थ्य विभाग की टीम की देखरेख में रखा गया है।
