
आज से ठीक चौथे दिन उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के पहले फेज की वोटिंग होनी है। इसको लेकर राजनीतिक दलों के बीच जुबानी जंग तेज होती जा रही है। एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी है। पढ़िए सूबे की राजनीति से जुड़े पल-पल के अपडेट्स
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा आज घोषणा पत्र नहीं जारी करेगी। भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन के बाद पार्टी ने यह फैसला लिया। पार्टी कार्यालय पर भाजपा नेताओं ने लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि दी और इसके बाद के सारे कार्यक्रम स्थगित कर दिए।
भाजपा की तरफ से योगी ही होंगे यूपी के अगले सीएम
यूं तो भारतीय जनता पार्टी किसी भी राज्य में चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद के चेहरे का एलान नहीं करती है, लेकिन भाजपा यूपी की तरफ से किए गए एक ट्वीट से चर्चा शुरू हो गई है। कई राज्यों में देखा गया है कि चुनाव जीतने के बाद भी भाजपा ने मुख्यमंत्री को बदल दिया है, लेकिन यूपी में चुनाव से पहले एक ट्वीट ने सियासी हलचलें बढ़ा दी हैं।
अभी तक चर्चा ये भी थी कि अगर भाजपा दोबारा सत्ता में आती है तो पार्टी के नेताओं, विधायकों की नाराजगी दूर करने के लिए यूपी की कमान योगी आदित्यनाथ की जगह किसी और को दी जा सकती है। हालांकि, अब यूपी भाजपा के एक ट्वीट ने नई चर्चा शुरू कर दी है।
भाजपा यूपी की तरफ से एक वीडियो शेयर किया गया है। इस वीडियो के ऊपर लिखा गया है कि यूपी में मुख्यमंत्री चाहिए तो सिर्फ योगी आदित्यनाथ। दरअसल इस वीडियो में कुछ लड़कियों के बयान को भी शामिल किया गया है। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि क्या यूपी बीजेपी के इस ट्वीट को आधिकारिक एलान मान लिया जाए
भाजपा का आज जारी होगा संकल्प पत्र
भारतीय जनता पार्टी द्वारा विधानसभा चुनाव 2022 के लिए लोक कल्याण संकल्प पत्र अब से कुछ देर में लखनऊ में जारी किया जाएगा। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में होने वाले कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह संकल्प पत्र जारी करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, सह प्रभारी अनुराग ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डॉ. दिनेश शर्मा, संकल्प पत्र समिति के अध्यक्ष सुरेश खन्ना सहित अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे।
चुनाव आयोग ने कहा- स्टार प्रचारकों को सुरक्षा मुहैया कराएं राज्य सरकारें
एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी और भाजपा की स्टार प्रचारक बबिता फोगाट के काफिले पर हुए हमले को चुनाव आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग ने राज्य सरकारों को निर्देश दिया है कि वह स्टार प्रचारकों को सुरक्षा मुहैया कराएं। आयोग ने यह भी कहा कि इसके लिए नोडल अफसरों की नियुक्ति होनी चाहिए और वह इस पर निगरानी रखें। 10:21 AM, 06-FEB-चुनाव आयोग का नया फरमान
चुनाव आयोग ने पांच राज्यों में होने जा रहे चुनावों को लेकर बड़ा फैसला किया है। आयोग ने हॉल और खुले मैदान में चुनावी बैठकों को मंजूरी दे दी है। हालांकि, रोड शो, व्हीकल रैली, जुलूस पर रोक अभी भी जारी है।
आगरा में जनसभा करेंगे बसपा महासचिव सतीश मिश्र
बहुजन समाज पार्टी के महासचिव सतीश चंद्र मिश्र आगरा और मथुरा में जनसभा को संबोधित करेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार आज शाम चार बजे वह आगरा में जनसभा करेंगे।
अमित शाह का बिजनौर दौरा रद्द
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का बिजनौर का दौरा रद्द हो गया है। शाह रविवार की दोपहर एक बजे चांदपुर में एक जनसभा संबोधित करने वाले थे। चांदपुर के विधायक कमलेश सैनी के अनुसार आज पार्टी का संकल्प पत्र जारी होना था। इसके चलते कार्यक्रम को रद्द किया गया है।
केशव मौर्य का सपा, बसपा और कांग्रेस पर तंज
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा, बसपा और कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने यहां तक कह दिया कि राहुल को इलाज की जरूरत है। वह स्वस्थ्य नहीं हैं। केशव ने ट्वीट किया, ‘राहुल गांधी जी को सही इलाज की ज़रूरत है। सत्ता से बेदखल और भविष्य में भी वापसी नहीं होने लक्षणों के बाद इनके बयान से साफ है। ऐसा बयान स्वस्थ व्यक्ति नहीं दे सकता। कांग्रेस और कांग्रेसियों को नीचे बैठने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का ऊपर बैठना बर्दाश्त नहीं हो रहा है।’
एक अन्य ट्वीट में केशव ने कहा, ‘2022 में भी ऐतिहासिक पराजय की संभावना से सपा गठबंधन,बसपा और कांग्रेस बौखलाए हैं,यूपी को सुशासन,सुरक्षा और विकास पसंद है।
मुख्यमंत्री योगी और गोरखनाथ मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और गोरखनाथ मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी शुक्रवार आधी रात को मिलते ही हड़कंप मच गया। लेडी डॉन नाम से बने ट्विटर एकाउंट से मेरठ के साथ ही लखनऊ स्थित विधानसभा को भी उड़ाने की धमकी दी गई है। पुलिस ने एहतियातन गोरखनाथ मंदिर के आसपास गाड़ियों की जांच की है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आज भाजपा नहीं जारी करेगी चुनावी घोषणा पत्र, लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि देने के बाद कार्यक्रम रद्द
उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए भाजपा का घोषणा पत्र आज जारी होगा। इस घोषणा पत्र में राष्ट्रवाद, विकास और सुशासन जैसे मुद्दे शामिल हो सकते हैं। पिछली बार की तरह इस बार भी इसे ‘लोक कल्याण संकल्प पत्र’ नाम दिया गया है। पार्टी ने 2017 में जो संकल्प पत्र जारी किया था, उसमें राज्य की जनता से राम मंदिर बनाने, हर युवा को रोजगार देने, किसानों का कर्ज माफ करने और भ्रष्टाचार-अपराध मुक्त प्रशासन देने की बात कही गई थी। आइये जानते हैं 2017 के संकल्प पत्र में क्या-क्या था? योगी सरकार उनमें से कितने वादे पूरे कर सकी और किन वादों में सरकार पर सवाल उठते हैं।
