भू-माफियाओं ने नवागांव से लेकर बापूटोला, सुकुलदैहान तक किया अवैध कारोबार
राजनांदगांव . नगर निगम के अंतर्गत आने वाले मोतीपुर क्षेत्र से लेकर बजरंगपुर नवागांव एवं बापूटोला के सैकड़ों एकड़ में अवैध प्लाटिंग का कारोबार करते हुए भू-माफियाओं ने सरकारी जमीन को भी नहीं बख्शा है. हालत यह है कि बजरंगपुर नवागांव में विधिवत दफ्तर खोलकर अवैध प्लाटिंग की जा रही है.
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक नगर निगम एवं नगर निवेश के कर्मचारियों तथा स्थानीय पटवारियों से सांठगांठ कर मोतीपुर से लेकर बजरंगपुर नवागांव एवं बापूटोला में भू-माफिया ने तकरीबन 100 एकड़ में निजी किसानों की भूमि पर अलग-अलग क्षेत्रों में अवैध प्लाटिंग की है. यह कारोबार सालों से चल रहा है और इसमें और तेजी आयी है. लोगों को सस्ती जमीन देने का झूठा प्रलोभन देकर अवैध प्लाटिंग की फसल को भू-माफिया काट रहे हैं. मोतीपुर और नवागांव क्षेत्र का निरीक्षण करने पर यह पाया गया है कि यहां कम से कम 50 अवैध प्लाटिंग के मामले बड़े पैमाने पर चल रहे हैं. छोटे स्तर पर अवैध प्लाटिंग का कहीं कोई हिसाब भी नहीं है. इस पूरे कारोबार में राजस्व विभाग के स्थानीय कर्मचारियों की मिलीभगत साफ तौर पर देखी जा रही है.
भू-माफिया को नोटिस, जवाब नहीं
नगर निगम ने इस क्षेत्र के सबसे बड़े भू-माफिया को दो बार नोटिस तो जारी किया है लेकिन भू-माफिया का दुस्साहस तो देखिए, अभी तक एक बार भी नगर निगम की नोटिस का जवाब नहीं दिया है? ठीक इसके उलट अवैध प्लाटिंग के कारोबार में और तेजी लायी गई है.
निगम ने लगाए बोर्ड
लगातार अवैध प्लाटिंग के मामले को देखते हुए नगर निगम ने मोतीपुर, बजरंगपुर नवागांव और बापूटोला में अवैध प्लाटिंग का बोर्ड लगाया है. इसके अलावा नगर निगम ने इन तीनों क्षेत्रों में खसरा बैन किए जाने की तैयारी की हुई है. रजिस्ट्री को रोकने के लिए रजिस्टार से भी पत्र व्यवहार किए जाने की जानकारी मिली है.
रातों-रात लगाए गए बिजली खंभे, निगम में शिकायत
रातों-रात अवैध प्लाटिंग करने वाले भू-माफियाओं की किस कदर सांठगांठ है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि रातों-रात अवैध प्लाट में बिजली के खंभे लगा दिए गए हैं, और इस मामले की शिकायत भी नगर निगम से लिखित में की जा चुकी है. इसके बाद भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है.
वार्ड में अवैध प्लाटिंग की शिकायत, बैन कराएंगे खसरा
नगर निगम में शिक्षा विभाग के चेयरमेन एवं बजरंगपुर नवागांव के पार्षद राजा तिवारी ने कहा है कि उनके वार्ड में बड़े पैमाने पर चल रही अवैध प्लाटिंग की शिकायत उन तक पहुंची है. इस मामले में निगम कमिश्नर को पत्र लिखकर अवैध प्लाटिंग के अंतर्गत आने वाले खसरे को बैन कराया जाएगा और इस मामले में जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
